चुभने वाली हवा से लोग हुए हलाकान

Jan 09 2022

ग्वालियर। कश्मीर घाटी, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने से रविवार सुबह से ही ग्वालियर जिले में हाड़ कंपाने वाली सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दिन में आकाश में बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि हुई है। हालांकि अगले दो-तीन दिन पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश के कारण तापमान में कमी आने की संभावना है।
गत दिवस हुई बारिश के बाद सुबह से ही ठंड के प्रभाव से लोगों का बुरा हाल है। इधर कोहरा तो नहीं दिखा लेकिन वाहन चालकों ने डिपर का प्रयोग करते हुए वाहन चलाए। बताते हैं कि जम्मू-कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ गुजर रहा है। राजस्थान में बना चक्रवातीय घेरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पास पहुंच गया है। एक ट्रफ लाइन अरब सागर से होते हुए ग्वालियर चंबल संभाग से गुजर रही है।