व्यापारियों को करोड़ों का चूना लगाया तीन भाइयों ने

Jan 09 2022

ग्वालियर। तीन सगे जैन भाइयों ने सदर बाजार, सराफा बाजार के करीब 30 से ज्यादा व्यापारियों के साथ एक करोड़ से अधिक रुपए की धोखाधड़ी की है। जैन मोबाइल, जैन वीडियो के नाम से फर्म चलाने वाले तीनों भाइयों ने अपने कारोबार को बढ़ाने के नाम पर इन व्यापारियों से रुपए उधार ले लिए, लेकिन जब वापस देने का समय आया तो लौटाने के बदले वह उल्टा व्यापारियों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। अभी हाल ही में हुंडी दलाल का मामला सामने आने के बाद व्यापारियों में हिम्मत आई और उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मुरार थाना पुलिस ने तत्काल तीनों जैन बंधु के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मुरार के माल रोड पर जैन मोबाइल शोरूम और जैन वीडियो के नाम से कारोबार करने वाले तीन सगे भाई गुड्डू जैन, पप्पी जैन और मनोज जैन पर लगभग एक करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। इन तीनों सगे भाइयों ने माल रोड, सदर बाजार, मुरार सराफा बाजार के 30 से ज्यादा व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी की है। इन तीनों सगे भाइयों पर व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि तीनों भाइयों ने अपना मोबाइल का कारोबार बढ़ाने और मकान को लोन से मुक्त कराने की कहानी सुनाकर किसी से 15 लाख तो किसी 10 लाख रुपए लिए। इस तरह व्यापारियों से करीब एक करोड़ से अधिक रुपए उधार ले लिए।
व्यापारियों को जल्द पैसे लौटाने का भी आश्वासन दिया। जब पैसे वापस देने का समय आया तो वहां व्यापारियों को आजकल की कहकर टाल मटोल करने लगा। उधारी के पैसे वापस लेने पहुंच रहे व्यापारियों को तीनों के द्वारा अन्य दूसरे व्यापारियों से पैसे उधार लेने की बात पता चली। तभी सभी व्यापारी इक_े होकर तीनों भाइयों के पास पैसे लेने के लिए पहुंचे तो उन्होंने पैसे वापस ना लौटाने के साथ-साथ झूठे केस में फंसा देने की धमकी दे डाली। जिस पर सभी व्यापारी पुलिस थाने जा पहुंचे। जहां उन्होंने तीनों के द्वारा धोखाधड़ी करने की शिकायत की। वहीं पुलिस ने व्यापारियों की शिकायत पर तीनों आरोपियों खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता व्यापारी मोहित जैन ने बताया कि हम लोगों ने थाने में शिकायत की थी की मनोज जैन, पप्पी जैन और गुड्डू जैन ने हम सभी व्यापारियों से करीब 1 करोड़ से अधिक रुपए उधार ले लिए, जब पैसे वापस देने का समय आया तो वह धमकाने लगा। जिसकी शिकायत थाने में की है पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
व्यापारी अरुण यादव ने बताया कि मुझसे तीनों भाइयों ने 10 लाख रुपए उधार लिए हैं। उन्होंने कहानी सुनाई थी कि कारोबार को बढ़ाने और मकान को लोन से मुक्त कराने के लिए पैसे ले रहे हैं। यही कहानी 30 से ज्यादा व्यापारियों को उन्होंने सुनाई है। किसी से 10 लाख तो किसी से 15 लाख रुपए उधार लिए हैं।
एएसपी शहर राजेश डंडोतिया ने बताया कि व्यापारियों ने थाने पहुंचकर शिकायत की है तीन सगे भाइयों पर आरोप लगाया है लाखों रुपए उधार लिए हैं। जिसक दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है कार्रवाई की जा रही है।