हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने हबीब के फ्रेंचाइजी सैलून में की तोडफ़ोड़ कर ताला डाल दिया

Jan 09 2022

ग्वालियर। विख्यात हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब के खिलाफ ग्वालियर में भी आम लोगों का गुस्सा चरम पर है। हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने जावेद हबीब के फ्रेंचाइजी सैलून पर जाकर ना सिर्फ तोडफ़ोड़ की बल्कि उसे बंद भी करा दिया है। हिंदू सेना का आरोप है कि सरेआम जावेद हबीब महिलाओं के बाल संवारने के नाम पर उनके सिर और चेहरे पर थूक रहा है। उसके किसी भी सैलून को चलने नहीं दिया जाएगा। अचलेश्वर मंदिर के पास जावेद हबीब फ्रेंचाइजी सैलून में हिंदू सेना तोडफ़ोड़ मचा रही थी और पुलिस वहां से नदारद थी। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। सिर्फ ग्वालियर ही नहीं बल्कि देश के कई शहरों में इस तरह का उग्र प्रदर्शन हो रहा है।
शहर के अचलेश्वर महादेव मंदिर के नजदीक जावेद हबीब के फ्रेंचाइजी हेयर सैलून पर हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया है। कार्यकर्ताओं ने सैलून के बाहर जावेद हबीब नाम के बोर्ड को हटा दिया और तोड़ दिया। वहीं सैलून में आई महिलाओं को भी बाहर निकालकर कर्मचारियों को बाहर खदेड़ दिया। इसके बाद हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने सैलून में जाकर वहां जमकर नारेबाजी की और तोडफ़ोड़ भी की। इस दौरान सैलून संचालक ने हिंदू सेना की कार्रवाई का विरोध किया है। उनका कहना है कि वह भी हिंदू है उन्होंने जावेद हबीब से फ्रेंचाइजी ली है जिसके एवज में करीब आठ लाख रुपया उसे चुकाया है। उनका अनुबंध 2023 तक था। देशभर में जावेद हबीब के खिलाफ चल रहे उबाल के कारण सैलून संचालिका ने जावेद हबीब का बोर्ड बैनर से ढक दिया था। फिर भी हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने उसे जमीन पर गिरा दिया और तोड़ दिया। सैलून संचालिका ने हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं की इस कार्रवाई को गलत बताया है और कहा है कि वह खुद भी जावेद हबीब के इस कृत्य के खिलाफ हैं।
हाल ही में मशहूर हेयर स्टाइलिश जावेद हबीब का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह एक महिला के हेयर कट करते समय उसके सिर पर थूक रहा है। जिसके बाद से पूरे देश में जावेद हबीब के खिलाफ आक्रोश है। हिंदू संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में ग्वालियर में भी प्रदर्शन किया गया है।