पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती एग्जाम मालवा कॉलेज में सर्वर डाउन होने से एक घंटे देरी से शुरू हो सकी परीक्षा, हुआ हंगामा

Jan 08 2022

ग्वालियर। लंबे समय बाद प्रदेश में हो रही पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती एग्जाम के पहले ही दिन ग्वालियर के मालवा कॉलेज में हंगामा हो गया। सर्वर डाउन होने के कारण एक घंटे की देरी से परीक्षा शुरू हो सकी। तकनीकी खामी के चलते बीच में लैब भी बदली गई है। इस कारण परीक्षार्थियों का पेपर छूट गया। उन्होंने हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गए। जो पेपर 12 बजे तक छूटना था, वह दोपहर 1 बजे के बाद छूटा है। परीक्षार्थियों का आरोप है कि यह साजिशन भी हो सकता है।
मध्य प्रदेश में तीन साल के लंबे इंतजार के बाद ये एग्जाम हो रही है। करीब तीन साल से अटकी भर्ती परीक्षा शनिवार को मध्यप्रदेश के 13 शहरों में हो रही है। यह परीक्षा पीईबी (प्रोफेशनल एग्जाम बोर्ड) द्वारा कराई जा रही है। इसमें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन सहित अन्य शहर शामिल हैं। परीक्षा में कोविड-गाइडलाइन का पालन अनिवार्य है। ये परीक्षा 8 जनवरी से शुरू होकर 17 फरवरी तक होगी। प्रदेश भर में परीक्षा के लिए 13 शहरों में 74 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें कुल 12 लाख 72 हजार परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। वहीं, भोपाल में 16 केंद्रों पर ढाई लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे।
मालवा कॉलेज में फैली अव्यवस्था
परीक्षा दो पाली में होनी है। पहली पाली 10 से 12 बजे तक चलनी थी। दूसरी पाली 3 से 5 बजे के बीच होनी थी। ग्वालियर के मालवा कॉलेज में परीक्षा सेंटर बनाया गया था। सुबह यहां 10 बजते ही हंगामा खड़ा हो गया। परीक्षा सेंटर में अंदर पहुंचते ही सर्वर डाउन होने के कारण परीक्षा 10 बजे शुरू नहीं हो सकी। मशक्कत के बाद भी परीक्षा शुरू नहीं हुई, तो परीक्षा देने आए युवा परीक्षार्थियों ने हंगामा कर दिया।
अल्ट्रानेट सर्वर पर एक घंटे की देरी से शुरू हुई परीक्षा
हंगामा बढऩे के बाद तत्काल लैब बदलने का निर्णय लिया गया। अल्ट्रानेट परीक्षा लैब में परीक्षार्थियों को शिफ्ट किया गया। वहां एक घंटे देरी से परीक्षा शुरू हो गई। जो परीक्षा 12 बजे पूरी होनी थी, वह 1 बजे पूरी हुई। इस दौरान कई परीक्षार्थियों ने इसे तकनीकी खामी बताया कि तो कुछ ने आरोप लगाया है कि यह फर्जीवाड़े के लिए साजिश भी हो सकती है।