अन्नदाता की ऐसी दयनीय हालत बर्दास्त नहीं करेगें

Jan 07 2022

भितरवार। कड़ाके की सर्दी में किसान पंद्रह बीस दिनों से अपनी धान लेकर खरीद केंद्रों पर डटा है। फिर भी आज तक किसानों की धान नहीं खरीदी गई। इस ओर प्रशासन का कतई ध्यान नहीं हैं। इन खरीद केंद्रों पर बीते रोज बारिश में अन्नदाता की दयनीय हालत देखी गई जिसे हम बर्दास्त नहीं करेगें। यह बात भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कही।
भितरवार में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए बनाए गए विभिन्न खरीद केंद्रों पर शुक्रवार को पहुँचे इन किसान नेताओं ने खरीद प्रभारी के गायब होने और दो दिन से धान खरीदी बंद होने पर जमकर नारेबाजी की। किसान यूनियन के नेता सुखबिंदर सिंह, जयमल सिंह, हेमंत सिंह जाट ने कहा कि क्षेत्र के सैकड़ों किसान अपनी धान से भरी ट्रॉलियां लेकर सर्दी में खरीद केंद्रों पर पड़े है। जिनकी ओर प्रशासन का ध्यान नहीं हैं। वहीं उन्होंने कहा कि खरीद प्रभारियों की लापरवाही से परेशान हो रहे किसानों के साथ पिछले दिनों सड़कों पर उतरकर आंदोलित हुए थे। जहाँ तहसीलदार श्यामू श्रीवास्तव ने दो दिवस में धान खरीदी कराने का आश्वासन दिया था। जिसके बाबजूद भी आज तक किसानों की धान नहीं खरीदी गई। जिससे किसान कड़ाके की सर्दी में परेशान हो रहा है। वहीं किसान यूनियन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द किसानों की उपज नहीं खरीदी गई तो हम फिर से आंदोलन का मार्ग अपनाएगें।