पेट्रोल पंप पर फायरिंग करने वाले पकड़े पिस्टल का लायसेंस रद्द की कार्रवाई शुरू

Jan 07 2022

ग्वालियर। पेट्रोल डलवाने के बाद पैमेंट करने के नाम पर रंगदारी कर फायरिंग करने वाले एक्स आर्मीमैन को गोला का मंदिर थाना पुलिस ने उसके साथी के साथ दबोचा है। पुलिस ने आरोपी से पिस्टल बरामद कर उसके लायसेंस को रद्द करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पता चला है कि आरोपी के खिलाफ पुलिस ने बाउण्ड ओवर की कार्रवाई की थी, इसके बाद उसके खिलाफ पुलिस अब 122 की कार्रवाई करने में जुट गई है। 
गोला का मंदिर थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि गोवर्धन कॉलोनी के पास शारदा ऑटो फ्यूल पेट्रोल पंप है। 3-4 जनवरी की रात यहां पर पेट्रोल डलवाने वेन्यू कार क्रमांक एमपी एमपी 07 सीजे 1994 में दो युवक आए और कार में पेट्रोल डलवाने के बाद पैसे देने पर विवाद करने लगे और पिस्टल निकाल कर फायरिंग की थी। जिसकी शिकायत पंप संचालक विष्णु गोपाल शारडा ने की थी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल की तो पता चला कि कार राजवीर सिंह के नाम से है। इसका पता चलते ही पुलिस ने राजवीर सिंह व उसके साथी को पकड़ लिया है। 
पता चला है कि पकड़ा गया आरोपी एक्स आर्मी मैन है और एक दल का सचिव बताता है। पूर्व में उसके खिलाफ बाउण्ड ओवर की कार्रवाई की गई थी, इसके बाद उसने फायरिंग की है। जिस पर पुलिस उसके खिलाफ 122 की कार्रवाई कर रही है। इससे पहले 122 की कार्रवाई वर्ष 2014 में हुई थी। वहीं पुलिस ने उसकी पिस्टल के लायसेंस को निरस्त करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।