ट्रेन से गायब हुआ जवान, मचा हड़कंप, पुलिया के नीचे सोकर बिताई रात

Jan 07 2022

ग्वालियर। नई दिल्ली से कंपनी के साथ जा रहा जवान लापता हो गया। इसी बीच अफवाह उड़ी कि जवान ट्रेन से गिर गया है। इसका पता चलते ही पुलिस, आरपीएफ व सीआरपीएफ के जवान व अफसर उसकी तलाश में जुट गए। घटना ग्वालियर से आंतरी के बीच की है। घटना के कई घंटे बाद लापता जवान को झांसी रोड थाना पुलिस ने तलाश लिया है और जवान सुरक्षित है। 
झांसी रोड थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा ने बताया कि सीआरपीएफ में पदस्थ संजीव कुमार शुक्ला अपने साथियों बृजलाल, सुरेश चंद्र, अजीत कुमार के साथ नई दिल्ली से महाराष्ट्र जा रहा था। ग्वालियर पहुंचने के बाद संजीव कुमार गायब हो गए और एक महिला ने बताया कि जवान गिर गया है। इसका पता चलते ही आरपीएफ व पुलिस टीम ने रेलवे ट्रैक पर सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन जवान नहीं मिला। सुबह एक बार फिर प्रधान आरक्षक उदय प्रताप, हेमेन्द्र और आरक्षक मानसिंह ने रेलवे ट्रैक की सर्चिंग की तो सिथौल के पास गायब जवान गैंगमैन के साथ पैदल आता दिखा। 
बाथरूम के लिए निकला और निकल गई ट्रेन
जवान ने बताया कि वह बाथरूम के लिए उतरा था और अचानक ट्रेन निकल गई और रात के अंधेरे में ट्रैक पर कोई नहीं था, फिर वह पास ही स्थित पुलिया के नीचे सो गया। सुबह जब गैंगमैन आए तो उसने उनसे मदद मांगी और उनके साथ ही पैदल ग्वालियर आ रहा था, तभी उसे रास्ते में पुलिस जवान मिल गए और वह उनके साथ थाने पहुंचा। 
रात तीन बजे जवान गायब हुआ था, इसका पता चलते ही सीआरपीएफ, पुलिस व आरपीएफ में जवान की तलाश के लिए हड़कंप मचा रहा और सीआरपीएफ से जवानों के साथ ही पुलिस और आरपीएफ की टीम रेलवे ट्रैक पर तलाश करती रही। 
एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया ने बताया कि लापता जवान मिल गया है और उसे सुरक्षित सीआरपीएफ को सौंप दिया है। जवान सुरक्षित है और उसे कोई चोट या अन्य परेशानी नहीं है।