कोहरा में रेलिंग तोड़ पुलिया से टकराया ट्रक, लगी आग-पुलिस ने कांच तोड़कर चालक की जान बचाई

Jan 07 2022

ग्वालियर। डबरा से ग्वालियर आ रहे ट्रक सवार को कोहरे के कारण रेलिंग नजर नहीं आई और ट्रक रेलिंग को तोड़कर रांग साइड आया और पुलिया से टकरा गया। घटना बिलौआ हाइवे स्थित खच्चू बाबा दरगाह के पास शुक्रवार की सुबह की है। घटना के बाद ट्रक में आग लग गई, वहीं ट्रक चालक बेहोश हो गया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कांच तोड़कर चालक को बाहर निकालकर चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। 
टीआई बिलौआ रमेश शाक्य ने बताया कि धौलपुर निवासी छविराम निषाद पुत्र शिवचरन निषाद ड्राइवर है और ट्रक चलाता है। शुक्रवार की सुबह वह डबरा से ग्वालियर की तरफ आ रहा था, अभी वह बिलौआ हाइवे स्थित खच्चू बाबा की दरगाह के पास पहुंचा था कि कोहरा होने के कारण वह रेलिंग से टकरा गया और रांग साइड जा पहुंचा। सामने से आ रहे वाहन से बचने के लिए जैसे ही उसने स्टेयरिंग मोड़ी ट्रक पुलिया से टकरा गया। 
लग गई आग दरवाजा हुआ जाम
पुलिया से टकराने के कारण ट्रक में आग लग गई। हादसे में चालक छविराम घायल हो गया और बेहोशी की हालत में था, वहीं ट्रक का दरवाजा जाम हो गया और वह ट्रक में फंसकर रह गया। हादसे की सूचना वहां से निकल रहे लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एएसआई जेबी सिंह बैस व आरक्षक रामअवतार मौके पर पहुंचे और ट्रक का कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला। उसकी हालत खराब देखकर तुरंत ही उसे एफआरवी की मदद से उपचार के लिए भिजवाया जहां पर उसे उपचार मिलने से उसकी हालत में सुधार है। 
एएसपी देहात जयराज कुबेर ने बताया कि ट्रक पुलिया से टकराने पर आग लग गई थी। घायल चालक को पुलिसकर्मियों ने उपचार के लिए भर्ती कराया है। वहीं आग लगने से ट्रक का आगे का हिस्सा बुरी तरह से जल गया है।