ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहली बार रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर पहुंचे, हाथ जोड़कर माथा टेका

Dec 27 2021

ग्वालियर। में दो तस्वीरें बहुत चर्चा में हैं। पहली- केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहली बार झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर पहुंचकर हाथ जोड़े और शीश झुकाना। दूसरा- कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार का सिंधिया का कार्यक्रम में मंच पर पैर छूना। यह दोनों घटनाएं रविवार को हुई हैं। दोनों घटनाओं का वीडियो भी सामने आया है।
ग्वालियर में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सिंधिया परिवार का पुराना इतिहास बदलने की कोशिश की। उन्होंने वो कर दिया जो सालों सिंधिया घराने का कोई भी महाराज नहीं कर पाया। रविवार को वह भीड़ से अलग होकर अचानक अपने समर्थक ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के साथ झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर पहुंचे। वहां हाथ जोड़कर उनको नमन किया और शीश नवाया। इतना ही नहीं 2 मिनट वहां रुक कर प्रार्थना की और पुष्प अर्पित कर पुष्पांजलि दी। कुछ देर वहां ठहरने के बाद वह निकल गए।
यह तो किसी से छुपा नहीं है कि जब भी सन 1857 की क्रांति और झांसी की रानी वीरांगना लक्ष्मीबाई की बात होती है तो सिंधिया परिवार की भूमिका एक विरोधी के रूप में आती थी। चुनावों में भी हिंदू वादी संगठन उनके लक्ष्मीबाई के साथ गद्दारी के मुद्दे को हवा देते थे। जबसे वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)में शामिल हुए हैं तो यही कयास रहते थे कि वह लक्ष्मीबाई की समाधि पर आएंगे क्या?
और कांग्रेस विधायक ने सिंधिया के पैर छू कर लिया आशीर्वाद
वहीं एक और मामला सामने आया है। भाजपा के पूर्व नेता और वर्तमान में कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने सिंधिया का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी कांग्रेस विधायक, केन्द्रीय मंत्री की मंच से तारीफ कर उनके लिए अपना आदर दिखा चुके हैं। इतना ही नहीं पैर छूने के बाद मंच से कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार सिंधिया परिवार का यशोगान भी करते नजर आए। उनके जल्द पाला बदलने की चर्चा बाजार में गर्म हो गई है। पर इस कार्यक्रम के कुछ घंटे बाद तानसेन समारोह के मंच पर जगह न मिलने पर कांग्रेस विधायक प्रशासन से नाराज होकर मंच से उतर गए थे। बाद में उन्हें मना लिया गया था।
कभी भाजपा के कार्यकर्ता रहे डॉ. सतीश सिंह सिकरवार ने 2018 के विधानसभा चुनाव में ग्वालियर पूर्व से भाजपा के टिकट चुनाव लड़े थे। तब सिंधिया समर्थक कांग्रेस नेता मुन्नालाल गोयल से हार गए। सिंधिया के साथ मुन्नालाल भाजपा में शामिल हुए। उपचुनाव में सिकरवार कांग्रेस में आ गए और मुन्नालाल गोयल को हरा दिया।
कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने मंच से सिंधिया को संबोधित करते हुए कहा महाराज आप बार-बार ग्वालियर शहर में आया करें आपके आने से शहर की सड़कों के गड्ढे भर जाते हैं, स्ट्रीट लाइट चालू हो जाती है, सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो जाती है। विधायक सतीश सिंह सिकरवार दीनदयाल नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे।