कारखाने में चोरों का धावा, नगदी-कैमरे सहित अन्य सामान पार

Dec 26 2021

ग्वालियर। एक कारखाने में धावा बोलकर चोर नगदी, सीसीटीवी, डीवीआर, वैैल्डिंग प्लॉट सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर गए। घटना कंपू थाना क्षेत्र के गुढ़ा-गुढ़ी का नाका की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 
कंपू थाना क्षेत्र के गुढ़ा-गुढ़ी निवासी प्रशांत जैन पुत्र रमेश चंद्र जैन व्यवसायी है और उनका घर के पास ही वर्धमान फेब्रिकेशन एवं एग्रीकल्चर के नाम से कारखाना है। बीते रोज चोरों ने कारखाने का ताला तोड़कर गल्ले में रखे दस हजार रुपए के साथ ही सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, वैल्डिंग प्लांट तथा अन्य सामान पार कर दिया। वारदात का पता सुबह चला जब वह कारखाने पर पहुंचे तो ताले टूटे हुए थे और सामान के साथ ही नगदी गायब थी। मामले का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। अब पुलिस केस दर्ज करने में आनाकानी कर रही है।
नगदी व मोबाइल ले गए चोर
जनकगंज थाना क्षेत्र के पीजीवी कॉलेज के सामने गेंडे वाली सड़क निवासी रोहित पुत्र अनिल सैन्या ने शिकायत की है कि वह खाना खाकर सो गए थे। इसी बीच चोरों ने धावा बोलकर उनके कमरे से 22 हजार रुपए नगदी सहित तीन मोबाइल पार कर ले गए। वारदात का पता सुबह चला जब वह सोकर जागे तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।