15 पदों के लिए चपरासी बनने पहुंचे बीई-एमएससी पास 11 हजार बेरोजगार परीक्षा देने पहुंचे,

Dec 25 2021

ग्वालियर। जिला न्यायालय में शनिवार को चतुर्थ श्रेणी के 15 पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई। इस परीक्षा में ऐसे बेरोजगार युवा भी शामिल हुए जो उच्च शिक्षा ग्रहण किए हुए थे। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए 11 हजार बेरोजगार पहुंचे। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए पुलिस का भी तगड़ा इंतजाम किया गया था, जो सभी गेटों के साथ ही न्यायालय परिसर में व्यवस्था बनाए हुए थे। 
न्यायालय में कुल15 पद हंै, जिसमें पांच पद ड्राइवर, पांच पद वॉचमैन, दो पद माली, एक पद स्वीपर तथा दो पद प्यून के है। साक्षात्कार दो दिवसीय है और साक्षात्कार के लिए डेढ़ दर्जन बोर्ड बनाए हैं। इंटरव्यू देने आए बेरोजगारों में एमए, एमएससी, बीई पास युवा भी शामिल थे। 
इस तरह ली परीक्षा
ड्राइविंग की परीक्षा देने आए बेरोजगारों से वाहन चलवा कर देखा गया, वहीं अन्य पदों के लिए आए बेरोजगारों से संबंधित बोर्ड ने उनके काम की जानकारी ली, इस दौरान जो भी हिचकिचाया उसे बाहर कर दिया गया। 
इंदरगंज चौराहे तक बेरोजगारों की लाइन
न्यायालय में परीक्षा देने पहुंचे बेरोजगारों की संख्या इतनी हो गई कि न्यायालय परिसर में बैठाने के बाद भी कई युवा बाहर रह गए और उनकी चार लाइने लगाई, जो कुछ ही देर बाद भीड़ के झुण्ड में बदल गई और न्यायालय गेट से इंदरगंज चौराहे तक युवा ही दिखाई पड़ रहे थे। जिन्हें संभालने के लिए कई बार पुलिस को सख्ती करनी पड़ी।