एसपी सांघी ने किया यातायात व्यवस्था का निरीक्षण, हॉकर्स जोन पार्किंग दुरुस्त करने के दिये निर्देश

Dec 23 2021

ग्वालियर। यातायात में बाधक अस्थाई अतिक्रमण नगर निगम व पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर शहर भर से हटाये गये। इस कार्यवाही के बाद मौके पर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने किया। इस दौरान उनके साथ एएसपी हितिका वासल, सतेन्द्र सिंह तोमर भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात में बाधा पैदा नहीं होनी चाहिये। साथ ही उन्होंने हॉकर्स जोन व पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी बहोड़ापुर, इंदरगंज व डीएसपी यातायात नरेश अन्नोटिया को निर्देशित किया कि सड़क किनारे हाथ ठेले न लग पायें साथ ही इनकी पार्किंग की व्यवस्था भी सही तरीके से हो। इसकी लगातार निगरानी करते रहें। 
शिन्दे की छावनी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा हॉकर्स जोन का भी निरीक्षण किया गया तथा फल व सब्जी के हाथ ठेले वालों से पुन: रोड पर ठेले न लगाने व दुकानदारों से अपनी दुकान के बाहर सड़क पर सामान न रखने की हिदायत दी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक श्री सांघी ने ग्वालियर द्वारा लोहिया बाजार, दाल बाजार तथा कम्पू क्षेत्र की पार्किंग का भी अवलोकन किया और शहर को अक्रिमण व जाम से मुक्त कराने के लिये रोड पर अतिक्रमण करने वालों के विरूद्व लगातार कार्यवाही हेतु अभियान चलाने के लिये यातायात पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित किया। 
यातायात पुलिस ग्वालियर द्वारा आज भी लगातार अभियान चलाकर रोड पर अपने वाहन पार्क करने वालों के विरूद्व चालानी कार्यवाही की गई। व्यापारियों तथा व्यवसायियों को अपने दो पहिया, चार पहिया एवं लोडिंग वाहन नियत पार्किंग स्थलों पर पार्क करने की समझाईष देते हुये उनको पार्किंग स्थलों पर लगवाया। गोले का मन्दिर चौराहे पर नो-पार्किंग में खड़े हुए वाहनों पर चालानी कार्यवाही की गई। आज ग्वालियर शहर में चलाये गये अभियान के दौरान वाहन चालकों के खिलाफ  नो-पार्किंग के तहत चालानी कार्यवाही की गई है। इस दौरान पुलिस ने 50 हजार रुपये जुर्माना वाहनों से वसूला। 
पुलिस की सख्ती के बाद शिंदे की छावनी, छप्पर वाला पुल व अन्य बाजारों में जहां-जहां पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण किया वहां यातायात बेहद सुगम बना रहा। जाम नहीं लगा। साथ ही बाजार भी सुंदर दिखने लगे। गंदगी भी और दिनों की तुलना में बेहद कम रही। नगर निगम की मदाखलत टीम भी लगातार ठेलेवालों पर निगरानी कर रही है। जिससे वे सड़क पर आकर जम न सकें। उनकी टीम रात नौ बजे तक बाजारों में लगातार गश्त कर रही है। पुलिस ने भी ठेले वालों को खदेडऩा शुरू कर दिया है। इस वजह से बाजार भी अब सुंदर दिखने लगे हैं।