सड़कें अतिक्रमण मुक्त, हाकर्स जोन में नहीं पहुंचे ठेला संचालक

Dec 22 2021

ग्वालियर। आखिरकार पुलिस और प्रशासन की समझदारी और इच्छाशक्ति से छप्पर वाला पुल से शिन्दे की छावनी चौराहे से दो सैंकड़ा ठेला संचालक हटा दिए गए। बुधवार को सुबह के समय इन स्थानों पर अतिक्रमण न देखकर लोग और वाहन चालक प्रसन्न दिखाई दिए। अतिक्रमण को लेकर शिन्दे की छावनी में कुछ साल पहले पुलिस चौकी तक को गिरा दिया गया था, इसके बावजूद भी ठेला संचालकों के कारण सुबह से लेकर रात तक जाम लग रहा था।
मुसीबत बने हाथ ठेला वालों को गत दिवस हटा दिया गया। पुलिस और नगर-निगम के अधिकारियों ने लक्ष्मण तलैया स्थित हाकर्स जोन में सभी को जाने के निर्देश दिए हैं, बुधवार सुबह शिन्दे की छावनी सड़क मार्ग पूरी तरह से साफ दिखाई दिया। वाहन चालकों को निकलने में आसानी हो रही है।
इधर सुबह 11 बजे तक रामदास घाटी स्थित हाकर्स जोन में सिर्फ दो सब्जी के ठेला दिखाई दिए। इसी समय इंदरगंज पुलिस के जवानों ने एक दो सड़क पर खड़े ठेला संचालकों को सीधे शब्दों में समझाकर कहा कि यहां पर दिखे तो सामान जप्त कर लेंगे। 
गली-मोहल्लों में पहुंचे ठेला संचालक
गत दिवस 150 के करीब सब्जी और फल ठेला संचालकों को यहां से हटाया गया था, लेकिन हाकर्स जोन में न पहुंच यह ठेला संचालक गली- मोहल्ले और कॉलोनियों में मंडी से सीधे यहां पहुंच गए। इधर कई फल कारोबारी ने तो शिन्दे की छावनी में मिलकर किराए से दुकान ले ली हैं। 
जगह आवंटित किए जाने का इंतजार
नगर-निगम द्वारा रामदास घाटी स्थित हॉकर्स जोन में फर्श पर आरसीसी, नाली निर्माण के अलावा लाइटिंग आदि कार्य पूरे करा दिए गए है। वहीं सुलभ काम्पलेक्स का निर्माण भी पहले पूरा कर दिया गया है। कई हाथ ठेला संचालक ने बताया कि जगह आवंटित किए जाने का इंतजार कर रहे हैं। 
सभी सुविधाएं हैं जोन में
हाकर्स जोन में एक से दूसरे छोर तक 20 फीट चौड़ाई का टीनशेड लगवाया गया है। जिससे बारिश के समय में भी हाथ ठेला वालों के साथ ही ग्राहकों को भीगने जैसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। लेकिन इसमें हाथ ठेला वालों के शिट कराए जाने पर साफ-सफाई के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की भी दरकार रहेगी। यहां पानी की टंकी और बिजली का भी पूरा प्रबंध कर दिया गया है।
एडीशनल एसपी हितिका वासल ने कहा कि हमने ठेला संचालकों को हाकर्स जोन में जाने को कहा है। शिन्दे की छावनी मार्ग पर ठेला फिर से न लगें उसके लिए थाना पुलिस को समय-समय पर गश्त लगाने के निर्देश दिए हैं। यहां किसी भी हाल में फिर से अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा।