शराब पीते में दी गाली, 3 बार समझाया नहीं माना तो कर दी हत्या,आरोपी हिरासत में

Dec 21 2021

ग्वालियर। 21 दिन पहले हुए अंधे कत्ल का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। चाकू से गोदकर इलेक्ट्रीशियन की हत्या उसके ही दोस्त ने की थी। घटना वाली रात दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। जब नशा बढ़ा तो गणेश बार-बार उसे मां की गालियां दे रहा था। हत्या आरोपी ने अपना दोस्त समझकर तीन बाद उसे समझाया था, लेकिन चौथी बार गाली देने पर उसने जैकेट की जेब से चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
मृतक के शरीर पर सब्जी वाले चाकू के 13 घाव थे। उसके बाद वह पुणे अपने मामा के लड़के के पास भाग गया था। फिर इंदौर आकर एक होटल में वेटर बन गया। इसी होटल से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी 2014 में इसी स्पॉट पर एक मजदूर की हत्या में भी आरोपी था, लेकिन उस मामले में सबूत न होने पर वह बरी हो गया था।
उपनगर मुरार के सिंहपुर रोड हॉकर्स जोन में 30 नवंबर और 1 दिसम्बर की दरमियानी रात एक युवक की लाश मिली थी। मृतक पर हत्यारे ने चाकुओं से ताबड़तोड़ करीब 13 वार किए थे। सभी वार सब्जी वाले चाकू से किए गए थे। मरने वाले की शिनाख्त भगवती कॉलोनी निवासी गणेश शर्मा पुत्र लक्ष्मण प्रसाद शर्मा के रूप में हुई थी। साथ ही पता चला कि वह इलेक्ट्रीशियन था। मामले की जांच के लिए मुरार टीआई शैलेन्द्र भार्गव, एएसआई रणवीर सिंह के साथ आरक्षक जयहिन्द जादौन, नीरज यादव, पंकज तोमर, योगेन्द्र गुर्जर, योगेन्द्र सिकरवार, दिनेश राजावत, मनीष गुर्जर और शिवनारायण की दो टीमें बनाई गई थी। इसी बीच जयहिन्द जादौन को पता लगा कि घटना की रात मृतक के साथ पास ही रहने वाला युवक पुत्तू उर्फ मोहित शर्मा को देखा गया था।
पुत्तू की जानकारी मिलते ही पुलिस उसके घर पर पहुंची तो पता चला की वह रात से ही गायब है। जानकारी जुटाई तो पता चला कि पुत्तू का नाम 7 साल पहले वर्ष 2014 में एक मजदूर की पत्थर से कुचलक हत्या में आया था। वह पकड़ा गया था और उसे जेल भेज दिया गया था। इस हत्या में दो और लोग भी शामिल थे, लेकिन कोई ठोस सबूत न होने के कारण वह कोर्ट से बरी हो गया था। पुलिस ने उसे काफी तलाशा, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था।
ग्वालियर से पुणे फिर इंदौर आया होटल पर करने लगा नौकरी
पुलिस पुत्तू की तलाश कर रही थी और वो ग्वालियर से पहले पुणे भागा। वहां अपने मामा के लड़के के साथ करीब सात दिन रुका। इसके बाद पुणें से नागपुर फिर इंदौर आया। यहां एक पहचान वाले की मदद इंदौर के होटल में नौकरी करने लगा था। पुलिस को उसके इंदौर में होने का पता लगा। जिस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। अभी उसने जुर्म कुबूल कर लिया है।
पुलिस कराएगी डीएनए जांच
हत्या के बाद स्पॉट पर पहुंची ने फोरेंसिक जांच कराई थी। जिसमें मृतक के हाथ में कुछ बाल मिले थे। जो हत्या के समय आरोपी के बाल पकडऩे के दौरान टूट गए थे। जिनको पुलिस ने निगरानी में लिया था। अब पुलिस आरोपी को सजा दिलवाने के लिए स्पॉट से मिले बाल से हत्या आरोपी का  डीएनए टेस्ट कराएगी। जिससे उसे सजा हो सके।
उक्त हत्याकाण्ड के आरोपी को गिरतार करने में थाना प्रभारी मुरार शैलेन्द्र भार्गव, रणवीर सिंह, नागेन्द्र भदौरिया, जयहिन्द जादौन, दिनेश राजावत, पंकज तोमर, नीरज यादव, योगेन्द्र गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही है।
एसपी अमित सांघी ने बताया कि इलेक्ट्रीशियन की हत्या करने वाले आरोपी को मुरार थाना पुलिस ने इंदौर से पकड़ा है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।