पनिहार हाइवे पर जहरीली शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी

Dec 20 2021

ग्वालियर। पनिहार हाइवे पर स्थित फार्म हाउस पर क्राइम ब्रांच व पनिहार थाने की संयुक्त टीम ने छापा मारकर जहरीली ओपी शराब से अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। पुलिस ने टाटा सफारी में अवैध शराब की पेटियां लादते हुए पकड़ा है। फार्म हाउस की तलाशी लेने पर पुलिस अधिकारी स्तब्ध रह गए। यहां जहरीली ओपी शराब से अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री चलाई जा रही थी। पुलिस ने यहां से नौ लाख रुपये की कीमत की 195 पेटी देसी शराब व तीन लाख रुपये का अवैध शराब क्वार्टरों में वारदान बरामद किया है। पुलिस ने अवैध शराब से लदी टाटा सफारी को भी जब्त कर लिया है।
एसपी अमित सांघी ने बताया कि सूचना मिली थी कि पनिहार हाइवे पर स्थित एक फार्म हाउस में भारी मात्रा अवैध शराब संग्रहित कर रखी थी। इस सूचना एएसपी क्राइम राजेश दंड़ौतिया व एएसपी ग्रामीण जयराज कुबैर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच व पनिहार थाने की संयुक्त टीम गठित कर छापा मारा। इस टीम का नेतृत्व एसडीओपी घाटीगांव प्रवीण अष्ठाना कर रहे थे। फार्म हाउस में एक टाटा सफारी में दो युवक अवैध शराब की पेटियां लोड करते नजर आए। पुलिस ने दोनों को दबौच लिया। फार्म हाउस में कमरों की तलाशी लेने पर अवैध शराब का जखीरा मिला।
टाटा सफारी से 10 पेटी देसी मसाला शराब, कमरे की तलाशी लेने पर 84 पेटी देसी प्लन शराब, 100 पेटी मसाला शराब कीमत नौ लाख रुपये जब्त की। दो वाटर पैक करने की मशीन, प्लास्किट के खाली क्वार्टरों से भरे हुए 20 बोरे, पैक करने के खाली कार्टुन के 40 बंडल, क्वार्टरों पर चिपकाने वाले रैफर बरामद किए हैं।
पिछले सप्ताह पुलिस ने घाटीगांव के देवनारायण मंदिर के पीछे से भारी मात्रा लोडिंग वाहन से जहरीली ओपी बरामद की थी। दो आरोपितों को भी पकड़ा था। पुलिस को ओपी बरामदगी के बाद ही इस फार्म हाउस की जानकारी मिली थी।
घाटीगांव सर्किल लंबे समय से अवैध शराब का हब बना हुआ है। पनिहार क्षेत्र में पिछले तीन महीने दो ट्रक से अवैध शराब से लदे ट्रक बरामद किए थे। इससे पहले भी घाटीगांव हाइवे से अवैध शराब बरामद हुई थी। अंतराज्यीय शराब तस्कर महेश गुप्ता इसी क्षेत्र में सक्रिय है।