तेज सर्दी ने हाड़ तक कंपा डाले

Dec 20 2021

ग्वालियर। अब तो तेज सर्दी ने हाड़ तक कंपा डाले हैं। उत्तरी हवा के तेज प्रहार के सामने रजाई, गद्दे और अन्य गर्म कपड़े तो दूर आग की तपिश तक सुकून देने में अक्षम साबित हो रही है। जबरदस्त गलाव के कारण कल शाम ही लोग घरों में घुस गए और सोमवार फिर घर से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके, जिससे जनजीवन कुछ थमा दिखाई दिए। लगातार दो दिन से रात का पारा 1.8 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। सोमवार सुबह से धूप तो खिली, लेकिन लोगों को ठंड से बचाने में नाकामयाब रही।               
घर में घुसकर वार
सर्द हवा का असर इतना ज्यादा है कि वह घर के भीतर घुसकर वार कर रही है। रात में लोग रजाई ओढऩे के बावजूद ठिठुरते रहे, हीटर भी कमरे को गर्म करने में अक्षम रहे। सुबह से फिर जारी शीतलहर के कारण लोगों को घर से निकलना भारी पड़ा। जिन्हें अति आवश्यक काम या फिर नौकरी पर जाना था, वही जैसे-तैसे हिम्मत जुटाकर बाहर आए, वरना हालात तो यह हैं कि कमरों के दरवाजे बंद होने के बाद भी सर्द हवा पीछा नहीं छोड़ रही। सर्दी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम के जानकारों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने से कई जगह तो पारा शून्य से भी नीचे चला गया है, इन हालात में शहर में ठंडी हवा ने स्थान तो बना ही लिया है, साथ ही जानकारों ने यह भी साफ किया है कि फिलहाल राहत की उम्मीद न पालें और सर्दी से बचने के हर साधन का उपयोग करें और पूरी सावधानी बरतें।