गलन से हाथ-पैर हुए सुन्न दिन में भी जला रहे हीटर

Dec 18 2021

ग्वालियर। जिले में गलन भरी सर्दी और ठिठुरन ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शनिवार को सुबह कोहरा छाया रहा तो उसके बाद धूप खिल उठी, लेकिन सर्द हवा के कारण धूप भी गुनगुनी महसूस नहीं हो रही है। 11 बजे के बाद धूप में भी सर्दी का एहसास बना है। इधर गलन भरी सर्दी के कारण गत दिवस लोग जगह-जगह अलाव सेंकते नजर आए तो घरों में भी हीटर और अलाव शुरू कर दिए गए।
सुबह से ही शीतलहर कंपकंपी छुड़ा रही है। बता दें कि बीते साल 17 दिसंबर को मौसम ज्यादा सर्द रहा था, तब न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री था। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और मैदानी इलाकों में चल रही सर्द हवा से अगले तीन दिनों में यहां भी तापमान में गिरावट के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों में सुबह कोहरा छाया रह सकता है।