रिटायर्ड दरोगा की जेब से चोर निकाल ले गए 50 हजार रुपए

Dec 17 2021

ग्वालियर। जेबकतरों ने एक रिटायर्ड दरोगा की जेब पर ही हाथ साफ दिया है। दुकान पर खरीदारी करने आए रिटायर्ड पुलिसकर्मी को भनक भी नहीं लगी और चोर उनकी जेब से 50 हजार रुपए पार कर ले गए। जब सामान का बिल चुकाने के लिए रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने जेब में हाथ डाला तो कुछ नहीं मिला। घटना रामदास घाटी इलाके की है। यह वह इलाका है जहां इस रिटायर्ड दरोगा ने कई जेबकतरों को गिरफ्तार किया है। पर उसी इलाके में बदमाशों ने उनको टारगेट कर लिया है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जेबकतरों की तलाश शुरु कर दी है।
इंदरगंज के पारदी मोहल्ला निवासी रामगोपाल पुत्र मंटोले जौहरी पुलिस से रिटायर्ड दरोगा है और रामबाग कॉलोनी में अभी उनका नया घर बन रहा है। वह घर के लिए पाइप खरीदने रामदास घाटी शिव पाइप नल फिटिंग की दुकान पर आए थे। सामान खरीदने के बाद उनको किसी को भुगतान करने जाना था। इसलिए उनकी जेब में 50 हजार रुपए रखे हुए थे। पाइप खरीदने के लिए जब उन्होंने अपनी जेब से रुपए निकाले तो पता चला कि जेब में छेद है और रुपए गायब थे। गौर से देखा तो पता चला कि अज्ञात जेबकट उनकी जेब काट कर उसमें रखे रुपए निकाल ले गए हैं। मामले का पता चलते ही पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
रिटायर्ड दरोगा रामगोपाल जौहरी कभी यहीं पदस्थ हुआ करते थे। जब इसी इलाके में कई जेब कतरों को उन्होंने पकड़कर सलाखों के पीछे किया था। पर उस समय उन्हें नहीं पता था कि रिटायर्ड होने के बाद उनकी जेब भी इसी इलाके में कटेगी। अब पुलिस उनकी जेब काटने वालों की तलाश कर रही है।
इस मामले में थाना प्रभारी इंदरगंज मिर्जा आसिफ बेग ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास सक्रिय जेब कतरों को राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी पकड़ा जाएगा।