किराना खरीदने आए थे चाचा-भतीजे, लौटते समय बस ने मारी टक्कर भतीजे के ऊपर से निकल गया बस का पहिया, मौत

Dec 17 2021

ग्वालियर। घर से किराना का सामान लेने निकले चाचा-भतीजे एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गए। बस की टक्कर से चाचा तो दूर जाकर गिरा, लेकिन भतीजा बीच सड़क पर आकर गिरा और बस का पहिया उसके सिर से निकल गया। 16 साल के छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहां लोगों की भीड़ लग गई, लेकिन दूसरे घायल को अस्पताल पहुंचाने के बदले लोग घटना का वीडियो बनाते रहे। घटना गोला का मंदिर भिंड रोड की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया। साथ ही छात्र के शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया है। आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
भिंड रोड डीडी नगर स्थित हरदौल नगर ए-11 निवासी वरुण शर्मा (38) पुत्र रमेश्चन्द्र शर्मा अपने 16 वर्षीय भतीजे कौटिल्य शर्मा पुत्र महेन्द्र शर्मा को लेकर भिंड रोड राठौर किराना स्टोर आए थे। सामान लेने के बाद वह अपनी एक्टिवा क्रमांक एमपी07एसपी5618 से वापस लौट रहे थे। अभी भिंड रोड पर ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रही सिकरवार ट्रेवल्स की बस एमपी07पी1654 के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए वरुण की गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चाचा उछलकर सड़क की दूसरी तरफ गिरा, लेकिन 16 साल का भतीजा बीच सड़क पर आकर गिरा। हादसे के बाद बस को भगाने के चक्कर में बस चालक छात्र के ऊपर से पहिया निकालता हुआ भाग गया। मौके पर ही छात्र की सिर कुचलने से मौत हो गई। इसी समय वहां काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पर लोग मदद करने के बदले मोबाइल में वीडियो शूट करने लगे। यह देखकर कुछ ऐसे भी लोग थे जिन्होंने वहां दर्शक बने लोगों को तलाड़ लगाई। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया। वरुण खतरे से बाहर है, लेकिन बस के पहिए के नीचे आए 11वीं के छात्र कौटिल्य की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने वरुण की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ गैरइरादत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।