पांच घरों में घुसे चोर, कारोबारी के घर से मिली कार की चाबी

Dec 17 2021

ग्वालियर। चोर कितने बेखौफ हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है आधी रात चोर गिरोह ने एक इलाके से 5 मकानों को निशाना बना लिया, लेकिन कुछ खास नहीं ले जा पाए। एक कारोबारी के घर में कार की चाबी रखी मिल गई। चोरों ने कार में चाबी लगाई और गाड़ी को ही ले गए। घटना कैलाश टॉकीज राजमणि मॉल के पास सिद्ध बाबा मंदिर की है।
हर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चोरों के चेहरे कैद हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और फुटेज लेकर छानबीन शुरू कर दी है। चोरों की संख्या तीन बताई गई है। अभी पुलिस छानबीन कर रही थी कि तभी बहोड़ापुर में चोरी गई कार खड़ी मिलने की सूचना मिली है। कार का एक पहिया निकला पड़ा हुआ है। पुलिस ने कार का जब्त कर लिया है।
इंदरगंज के राजमणि मॉल के पास रहने वाले जतिन जैसवानी ब्रेकरी आइटम के व्यवसायी हैं और राम मंदिर के पास उनकी शॉप है। रात तीन चोरों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। जब कुछ चोरी नहीं कर सके तो कार की चाबी ही उठा ले गए। चोरों ने बाहर दरवाजे पर खड़ी व्यवसायी की सियाज कार क्रमांक एमपी07सीडी4700 चोरी कर ले गए। वारदात का पता रात 3 बजे चला जब यहां आस-पास के घरों में धावा बोला तो जगाहर हुई। व्यवसायी को कार चोरी का पता चला तो घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
अभी पुलिस शहर की नाकाबंदी कर कार चोरी करने वालों की तलाश में जुटी थी। तभी पुलिस को पता लगा कि बहोड़ापुर इलाके में एक लावारिस कार खड़ी है। पुलिस वहां पहुंची तो वह इंदरगंज से चोरी गई सियाज कार ही थी। पर उसका एक पहिया निकला हुआ था। पुलिस को आशंका है कि कार का पहिया पंचर हुआ होगा। जिसे बदलने के लिए बदमाशों ने खोला होगा, लेकिन पुलिस के वाहन निकलने पर छोड़कर भाग गए होंगे। पुलिस ने कार को निगरान में ले लिया है।
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश
वारदात को अंजाम देने तीन चोर आए थे, जिसमें एक चोर बाइक पर इंतजार करता रहा, जबकि दो चोरों ने पास ही रहने वाले जतिन जैसवानी, इमरान अली उर्फ हनी सहित चार अन्य घरों पर चोरी का प्रयास किया था, लेकिन इमरान अली के जागने पर उन्हें भागना पड़ा। पुलिस ने जब यहां लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो वारदात देने आए चोरों के फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए है। पुलिस इन फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई हैं।
इस मामले में सीएसपी इंदरगंज नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि व्यवसयी की चोरी गई कार क्षतिग्रस्त होने पर चोर छोड़कर भाग गए है। पुलिस ने कार को निगरानी में ले लिया है। सीसीटीवी फुटेज में चोरों के चेहरे साफ आए हैं उनकी तलाश की जा रही है उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।