मैरिज सर्टिफिकेट बनवाने दो बार कनाडा से ग्वालियर कलेक्ट्रेट आई महिला नहीं बना तो रो पड़ी, अफसर बोले-दो दिन में होगा निराकरण

Dec 14 2021

ग्वालियर। मैरिज सर्टिफिकेट के लिए महिला एनआरआइ कनाडा से आकर ग्वालियर की कलेक्ट्रेट में चक्कर लगा रही हैं। नौ लाख रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन एक साल से सर्टिफिकेट नहीं बन सका। अपर कलेक्टर के कार्यालय में महिला ने फिर संपर्क किया तो बाबू ने टरका दिया। शाम को महिला एनआरआइ अनुप्रीत कौर बराड़ ने अफसरों के सामने रोते हुए अपनी पीड़ा बताई।
अनुप्रीत कौर ने बताया कि वह कनाडा में रहती हैं और वहां की नागरिक बन चुकीं हैं। एक साल पहले गोहद चौराहा के रहने वाले नवजोत सिंह रंधावा से ग्वालियर के गुरुद्वारा में शादी कर ली थी, लेकिन जब तक मैरिज सर्टिफिकेट नहीं बनता तब तक पति कनाडा नहीं जा सकते हैं। अनुप्रीत ही पति को स्पांसर करेंगी तब वे कनाडा जा सकेंगे। इस कारण शादी के बाद से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। शादी के बाद बेटी भी हो गई और अनुप्रीत कनाडा में प्रोडक्शन मैनेजर की नौकरी करती हैं। अपर कलेक्टर के कार्यालय में गुहार लगाए हुए एक साल हो गया, लेकिन सर्टिफिकेट नहीं बना। इस मामले में अपर कलेक्टर एचवी शर्मा ने बताया उनके कार्यकाल का यह मामला नहीं है और अब यह मामला मेरे संज्ञान में आया। उच्च अधिकारियों से बात करेंगे और दो दिन में सर्टिफिकेट के मामले का निराकरण कर दिया जाएगा। वहीं लापरवाही करने वाले स्टाफ पर कार्रवाई होगी।
अनुप्रीत ने बताया कि मैरिज सर्टिफिकेट नहीं होने के कारण पति कनाड़ा नहीं जा पा रहे हैं। वहीं चार माह की बेटी को भी मुझे अकेला छोड़कर जाना पड़ रहा है, अब इतनी छोटी बच्ची मां के बिना कैसे रहेगी।
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह मामला अभी तक मेरे सामने नहीं आया था। अभी सामने आया है तो मैं दिखवा लेता हूं कि कहां क्या परेशानी आ रही है। जल्द मामले को सुलझा लिया जाएगा।