संदिग्ध हालात में युवक की मौत हत्या का आरोप लगाते हुए परिजन ने किया चक्काजाम

Dec 13 2021

ग्वालियर। हजीरा में एक युवक की संदिग्ध हालात में घायल होने के बाद मौत हो गई है। मृतक के पत्नी, बहन ने पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाते हुए चक्काजाम किया है। सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। काफी देर परिजन सड़क पर रोते और बिखलते रहे। हंगामा के चलते दो घंटे जाम के हालात रहे। परिजन का आरोप था कि मोनू (मृतक) के दोस्त ने धक्का देकर गिराया है। इसलिए उस पर एफआईआर हो। चक्काजाम की खबर मिलते ही सीएसपी, टीआई मौके पर पहुंचे। परिजन को समझाया तब उन्होंने शव को उठाया और अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस के अनुसार हजीरा कांच मिल लाइन नंबर दो निवासी मोनू तोमर की मौत हुई है। वह अपने साथी जीतू सिकरवार के साथ एक गोदाम में लगी लोहे की एंगल उखाड रहा था। अचानक ऊंची दीवार से वह नीचे जा गिरा। परिजन को पता चला तो उसे अस्पताल लेकर भागे। क्योंकि उसके सिर में काफी चोट लगी थी। दो दिन के इलाज के बाद मोनू तोमर ने दम तोड़ दिया। परिजनों को शंका है कि जीतू सिकरवार ने उसे धक्का देकर गिराया है और बेरहमी से पीटा है। इसलिए वह शव को लेकर हजीरा चौराहे पहुंच गए। वहां शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। खबर मिलते ही सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया, टीआई मनीष धाकड़ सहित कई आसपास के थानों का फोर्स पहुंचा और स्थिति को संभाला।
मृतक की बहन सरला तोमर ने आरोप लगाया है कि दो दिन पहले मोनू के दोस्त जितेन्द्र तोमर की 11 साल की बेटी ने फोन लगाकर बताया था कि चाचा जमीन पर पड़े हुए हैं और घायल हैं। जिस पर वह वहां पहुंचे तो वह मोनू गंभीर रूप से घायल था। पहले लगा कि गिरकर घायल हुआ है। पर उसकी पीठ में चोट के गहरे निशान थे। जिसे देखकर पता लगा कि उसे कुछ लोगों ने पीटा था। जिसके बाद उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम किया था।
मोनू के शव को परिजनों ने सड़क पर रख दिया था। उसके आस-पास स्थानीय लोगों की भीड़ थी। चक्काजाम के कारण वाहनों की लाइन लग गई। जब तक पुलिस आई और उन्हें समझाया तब तक करीब दो घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे।
सीएसपी रवि भदौरिया का कहना है कि एंगल उखाड़ते समय मोनू दीवार से गिर गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन का आरोप था कि मोनू को उसके दोस्त ने धक्का दिया है। परिजन को समझाया गया है, इसके बाद वह शव को लेकर चले गए हैं। आरोपों की जांच की जा रही है।