जेएएच के डॉक्टर और टेक्नीशियन के बीच मारपीट का वीडियो सामने आया

Dec 13 2021

ग्वालियर। जेएएच में डॉक्टर और टेक्नीशियन का विवाद एक बार फिर चर्चा में है। इस बार सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो के कारण यह बात फिर उठी है। इसमें टेक्नीशियन के रूम में सवाल जवाब करने पहुंचे डॉक्टर को टेक्नीशियन ने रूम में ही गालियां देते हुए मारपीट कर दी और धक्का देकर बाहर निकालने लगा। फिर डॉक्टर ने भी उसे धक्का दिया है। इसके बाद बाहर से रूम बंद कर टेक्नीशियन चला गया। काफी देर बाद डॉक्टर बाहर निकल पाया है। घटना के बाद से यह वीडियो चर्चा बना हुआ है। इस मामले में डॉक्टर जल्द डीन से मिलकर लिखित शिकायत कर सकते हैं। फिलहाल ज्यायारोग्य अस्पताल के डॉक्टर इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
सोमवार सुबह ग्वालियर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक रूम में बैठा युवक काम कर रहा है। इसी समय अन्य युवक आता है और कुछ बात कहते हुए कागज व रजिस्टर चैक करने लगता है। तभी कुर्सी पर बैठकर काम रहे युवक को गुस्सा आता है और वह बाहर से आए युवक के साथ मारपीट करने लगता है। सोशल मीडिया पर चर्चा बने इस वीडियो के बारे में पता किया तो जानकारी मिली कि यह वीडियो ज्यारोग्य हॉस्पिटल का है। यह जेएएच के कैंसर विभाग के कोबाल्ट थेरेपी डिपार्टमेंट का है। वीडियो में कुर्सी पर बैठकर काम करने वाला टेक्नीशियन है और जो बाद में छानबीन करता अंदर आया डॉक्टर है। जब डॉक्टर ने कुछ कमियां निकालकर छानबीन की तो टेक्नीशियन को गुस्सा आ गया।
सोशल मीडिय पर सामने आए इस वीडियो में टेक्नीशियन उसके रूम में जांच पड़ताल के लिए आए डॉक्टर को गालियां देते हुए धक्का देता हुआ नजर आ रहा है। पता लगा है कि रूम से बाहर निकलकर फिर दोनों में झगड़ा हुआ और टेक्नीशियन ने मारपीट की है। टेक्नीशियन के रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है।
इस मामले से एक बार फिर डॉक्टर और टेक्नीशियन का विवाद सामने आया है। टेक्नीशियन की अपने सीनियर से इस तरह की अभद्रता पर डॉक्टर काफी नाराज है। इस मामले में डॉक्टर एकजुट होकर डीन डॉ. समीर गुप्ता या जेएएच अधीक्षक आरकेएस धाकड़ से शिकायत कर सकते हैं।