सुबह और रात सर्द, सूरज से नहीं मिल रही राहत

Dec 10 2021

ग्वालियर। दो दिन से शीतलहर के कारण ठंड अपना रंग दिखा रही है। दिन तो किसी तरह गुनगुनी धूप के सहारे कट रहा है लेकिन शाम होते ही कंपाने वाली ठंड महसूस होने लगती है। तेज ठंड के कारण रात को आठ बजे बाजारों की सड़कें सूनी होने लगी हैं वहीं कोहरे और ठंड के कारण लोगों की सुबह भी देर से हो रही है। 
उत्तर की ओर से आ रहीं ठंडी हवाओं ने शुक्रवार की सुबह भी लोगों को कंपा दिया। लोग देर तक गुनगुनी धूप में बैठकर ठंड को भगाने का प्रयास करते रहे लेकिन शीतलहर कोई कसर नहीं छोड़ रही थी। सर्द हवाओं के कारण लोग देर से ही घर से निकलने की हिमत जुटा सके। हालांकि इसके बाद भी उन्हें गरम कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।
सर्दी के कारण सरकारी कार्यालयों के दतर भी सूने-सूने नजर आ रहे हैं। कर्मचारी और अधिकारी पूरे दिन धूप सेंकते नजर आते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अभी आसमान पूरी तरह साफ है इस वजह से ठंड अपना असर दिखा रही है लेकिन अगले दो से तीन दिन में मौसम एक बार फिर करवट बदल सकता है।