अवैध आटो पकडऩे बनाई दो टीमें, 90 आटो किए जब्त

Dec 10 2021

ग्वालियर। शहर में दौड़ रहे अवैध आटो को पकडऩे के लिए दो अलग-अलग टीमें बनाई गईं। दोनों टीमों ने एक दिन में 90 अवैध आटो जब्त किए। इनके पास फिटनेस व परमिट नहीं मिले, जिसके चलते इन्हें जब्त कर थाने में रखवाया गया। अब आटो चालक कोर्ट में जुर्माना जमा करने के बाद ही वाहन छुड़ा सकेंगे।
परिवहन आयुक्त ने गत दिवस अधिकारियों की वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए बैठक ली। इस बैठक में अवैध आटो के खिलाफ तेज अभियान चलाने के निर्देश दिए। आयुक्त की सख्ती के बाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय सख्त हो गया। एक टीम आरटीओ एसपीएस चौहान तो दूसरी टीम एआरटीओ के नेतृत्व में शहर में निकली। दोनों टीमों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर आटो की चेकिंग की। इस चेकिंग की जानकारी मिलने के बाद आटो चालकों ने अपना रास्ता बदल लिया, लेकिन जो पकड़े गए उनके दस्तावेज चेक किए गए। ग्वालियर में संयुक्त परिवहन आयुक्त प्रशासन अनूप सिंह के नेतृत्व में आरटीओ एसपीएस चौहान और एआरटीओ रिंकू शर्मा की टीम ने झांसी रोड, कंपू चौराहा, सिंधी कॉलोनी, मेला ग्राउंड व गोले के मंदिर क्षेत्र में अवैध आटो रिक्शा की जांच की। इस दौरान आरटीओ ने 250 ऑटो की जांच की और 51 जब्त किए, जबकि एआरटीओ की टीम ने 150 ऑटो के दस्तावेजों की जांच की और बिना परमिट व फिटनेस के चल रहे 39 ऑटो रिक्शा के खिलाफ जब्ती की कार्रवाई की। कुल 90 आटो जब्त किए गए।
शहर का ट्रैफिक भी बिगाड़ रहे अवैध आटो
शहर में दौड़ रहे अवैध आटो ट्रैफिक व्यवस्था को भी बिगाड़ रहे हैं। इनकी संख्या अधिक हो चुकी है। ये कहीं भी खड़े रहते हैं। चौराहों पर इनकी संख्या अधिक होने से जाम लगता है। फिटनेस नहीं होने से सफर भी सुरक्षित नहीं है, क्योंकि बिना फिटनेस के बीमा क्लेम भी नहीं मिल पाता। परमिट नहीं होने से वे शहर में कहीं भी दौड़ रहे हैं।