पीएस ने देखे विकास कार्य, कहा-इंदौर की तर्ज पर स्वच्छ बनाएं कचरा ट्रांसफर स्टेशन

Dec 10 2021

ग्वालियर। नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह एवं आयुक्त नगरीय प्रशासन निकुंज कुमार श्रीवास्तव ग्वालियर आए। यहां उन्होंने शहर में जारी विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान जब आदर्श मिल स्थित कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर पहुंचे तो यहां पर गंदगी मिली। यह देख प्रमुख सचिव ने कहा कि भोपाल-इंदौर की तर्ज पर कचरा ट्रांसफर स्टेशन को साफ स्वच्छ व व्यवस्थित बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त किशोर कान्याल,स्मार्ट सिटी सीईओ जयति सिंह एवं अन्य निगम के अधिकारी मौजूद थे।
नगरीय प्रशासन के प्रमुख सचिव मनीष सिंह ने इसके बाद मानपुर गेट क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार हो रहे आवासों का भी जायजा लिया। यहां पर कार्य की रफ्तार धीमी दिखाई पडऩे पर उन्होंने ठेकेदार को काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं निगमायुक्त को निर्देशित किया है कि जनवरी से हितग्राहियों को आवासों का पजेशन देना शुरू कर दिया जाए। साथ ही आवास आवंटन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए, इसका भी ध्यान रखा जाए। इसके बाद पीएस एवं आयुक्त नगरीय प्रशासन निकुंज कुमार श्रीवास्तव जलालपुर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां पर प्लांट को देखने के बाद व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट को पिकनिक स्पाट के रूप में विकसित किया जाए। इस दौरान पीएस ने शहर में जारी अन्य विकास कार्यों को लेकर भी निगमायुक्त से चर्चा की है, साथ ही प्रोजेक्ट को तेज रफ्तार से पूरा करने के लिए कहा गया है।