ग्वालियर की नन्ही वैष्णवी ने रतलाम में योग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

Dec 08 2021

ग्वालियर। मध्यप्रदेश योग संघ द्वारा रतलाम में आयोजित 39वीं राज्य स्तरीय योग चैंपियनशिप में ग्वालियर की कु. वैष्णवी अग्रवाल ने छोटी बालिकाओं की व्यक्तिगत प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर अपने शहर ग्वालियर एवं अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है। 
ज्ञात हो कि मध्यप्रदेश योग संघ द्वारा 39वीं राज्य स्तरीय योग चैंपियनशिप का आयोजन 3 से 5 दिसंबर 2021 तक रतलाम में किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के सभी जिलों के सैकडों बच्चों ने भाग लिया तथा ग्वालियर जिले से बालक वर्ग में 15 एवं बालिका वर्ग में 15 खिलाड़ी प्रतियेागिता में शामिल हुए। प्रतियोगिता में शहर के लिटिल एंजल्स विद्यालय की कक्षा 4 की छात्रा कु. वैष्णवी अग्रवाल पुत्री सविता विपिन अग्रवाल ने छोटी बालिकाओं की व्यक्तिगत प्रतियोगिता में ग्वालियर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ठ प्रदर्शन किया। नन्ही वैष्णवी के अदभुद योग आसन को देखकर चयनकर्ता एवं दर्शक आश्चर्यचकित रह गए और छोटी बालिकाओं की व्यक्तिगत प्रतियोगिता में वैष्णवी को पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ और पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान वैष्णवी को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। इसी प्रतियोगिता से ही मध्य प्रदेश टीम का चयन भी होगा, चयनित खिलाड़ी दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
वैष्णवी की इस सफलता पर शहर के समस्त खेल संगठनों, लिटिल एंजल्स विद्यालय विद्यालय परिवार की ओर से एवं जिला योग संघ की ओर से उनके माता-पिता को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि वैष्णवी द्वारा कत्थक नृत्य में भी अनेक प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर पदक जीते हैं।