शहीद कैप्टन उपमन्यु सिंह के शहादत दिवस पर कवि सम्मेलन आयोजित

Dec 07 2021

ग्वालियर। ग्वालियर के सपूत शहीद कैप्टन उपमन्यु सिंह के शहादत दिवस पर कवि सम्मेलन का आयोजन शहीद कैप्टन उपमन्यु पार्क पर आयोजित किया गया, जिसमें देश के ख्यातिनाम कवि रविन्द्र शर्मा (रवि) के नेतृत्व में साजन ग्वालियरी, निसार रंभापुरी, झाबुआ, श्रीमती अर्चना बाबनगया एवं बाल कवियित्री मंत्रिता शर्मा ने काव्य पाठ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री-श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 
शहीद कैप्टन उपमन्यु सिंह स्मृति सेवा संस्थान के सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि 7 दिसंबर,2010 को सोपोर कश्मीर में आतंकवादियों से मुकाबला करते हुए शहीद हुए कैप्टन उपमन्यु सिंह की शहादत को नमन करते हुए नगर निगम ग्वालियर द्बारा उनके नाम पर कैप्टन उपमन्यु पार्क बनाया गया है। इस पार्क का रिनोवेशन शीघ्र ही स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड द्बारा किया जायेगा। आपने कहा कि आज हम स्वतंत्र रूप से जो अपना कार्य कर पाते हैं, उसके लिए ईश्वर के बाद हमारी देश की सेना के जवानों का योगदान है, ऐसे देवतुल्य सैनिकों को मेरा नमन और प्रणाम है। आपने कहा कि आज के कवि सम्मेलन का फेसबुक पर लाइव प्रसारण किया जा रहा है, जिसे देश एवं विदेश में लोगों द्बारा लंबे समय तक सुना जा सकेगा। 
शहीद कैप्टन उपमन्यु सिंह की मां श्रीमती सुमन सिंह ने इस अवसर उपस्थित अतिथिगणों व देश प्रेमियों का कार्यक्रम में पधारने एवं पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए आभार व्यक्त किया।
ऊर्जा मंत्री-श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मैं आभारी हूं कि कैप्टन शहीद उपमन्यु सिंह जी के चरणों में श्रद्घांजलि देने का मुझे अवसर प्राप्त हुआ। आज हम आजाद भारत में शहीदों के बलिदान के कारण ही बैठे हैं। भारत के वीर शहीदों ने अपना बलिदान आने वाली पीढी को अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित रहने की तमन्ना रखते हुए दिया है। हम सब की जिम्मेदारी है कि हम उनकी इस तमन्ना को पूरा करें। 
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्बारा कविगण- रविन्द्र शर्मा रवि, साजन ग्वालियरी, निसार रंभापुरी, श्रीमती अर्चना बाबनगया, मंत्रिता शर्मा का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया गया। भारत विकास परिषद की ओर से संजय धवन द्बारा शहीद कैप्टन उपमन्यु सिंह की मां श्रीमती सुमन सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। 
 कार्यक्रम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के कर्नल नारायण शर्मा, सूबेदार प्रहलाद सिंह भदौरिया, सूबेदार बृजराज सिंह तोमर, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड से सूबेदार मेजर चंद्रभान सिंह चौहान, भारतीय नौसेना से जयेश कुमार गुप्ता, पीओ, गजेन्द्र सिंह भदौरिया, सीपीओ, एमपीसीसीआई के कार्यकारिणी समिति सदस्य-आशीष जैन, अंकुर अग्रवाल, संजय धवन, मनोज सरावगी, निर्मल जैन, सहित आशीष अग्रवाल, ब्रजेश भारती, उदयन सिंह, राममोहन त्रिपाठी, नरेन्द्र मंगल, संतोष जैन आदि उपस्थित रहे।