शटर पर लगाई आड़, ज्वेलरी शॉप की तिजोरी तोड़ ले गए नगदी और लाखों रुपए के जेवर

Dec 05 2021

ग्वालियर।  गत रात शातिर चोरों ने बहोड़ापुर थाना स्थित किला रोड स्थित ज्वेलर्स की दुकान में शटर तोड़ एक लाख की नगदी और सोने-चांदी के लाखों के जेवर चोरी कर लिए। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरंसिक टीम ने मौके मुआयना कर वारदात की जांच शुरू कर दी है। चोर पेशेवर बताए जा रहे हैं। जिस प्रकार से उन्होंने वारदात की हैं, उससे प्रतीत होता है कि चोरों ने चोरी से पहले रैकी की है। चोरी करीब 40 मिनट से ज्यादा दुकान में रहे।
मौके पर एएसआई राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्रमोद पुत्र लक्ष्मीनारायण सोनी निवासी कोटेश्वर मंदिर नागदेव की मंदिर की जय मां गड़ी ज्वेलर्स के नाम से सात साल पुरानी दुकान हैं। उनका ट्रांसपोर्ट का कारोबार भी है। रात को चोरों ने शटर उचकाया और शीेशे का गेट तोड़कर दुकान में रखी पीडि़त के अनुसार चार किलो चांदी, 8 तोला सोना के जेवर और एक लाख नगदी चोरी कर लिए। दुकान स्वामी ने बताया कि उन्होंने दोपहर को अपने मूल निवास दतिया में जाने के लिए जल्द दुकान बंद की और रवाना हो गए। इसके बाद चोरों ने अपना कमाल दिखा दिया। पुलिस टीम ने डॉग स्कवॉड को भी बुलाया, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला। 
पुलिस ने बताया कि चोरों ने दुकान के आगे टीन की चादर की आड़ लगा दी। इसके पीछे वह शटर को खोलते रहे, ताकि किसी को कुछ मालूम नहीं हो सके। इसके बाद वे अंदर प्रवेश कर गए।
पेशेवर हैं चोर
जिस प्रकार से चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है उससे प्रतीत हो रहा है कि जैसे चोर पेशेवर हो चोरों ने उसी जगह नकब लगाया, जहां पर उनके घुसने के लिए स्पेस था। साथ ही दुकान में घुसने के बाद चोर संभवत: अपने वाहन से आए थे। बता दें कि इस रोड पर दुकानों से पहले सर्विस रोड का काफी स्पेस है। 
एक सीसीटीवी लगा है, लेकिन दूरी पर
ज्वेलर्स की दुकान से कुछ दूरी पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा है। पुलिस ने इसकी जांच की तो दूरी होने के कारण फुटेज दिखाई नहीं दिए। पीडि़त कारोबारी ने बताया कि उन्हें करीब 12 लाख का नुकसान हुआ है।
 गिरवी रखा सोना हुआ है चोरी
सर्राफा कारोबारी ने बताया कि नया सोना वह अपने साथ ले जाते थे, लेकिन गिरवी रखा हुआ सोना वह दुकान में ही रखते थे। उनके पास जेवर रखकर रुपए लेने लोग आते थे, इसलिए दुकान में नगदी भी रखते थे।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार का कहना है कि सराफा व्यवसायी की शॉप में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। मामला दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।