ग्वालियर में बदमाशों के हौंसले बुलंद लगातार पांचवे दिन में छठवीं हत्या- चंदन नगर में घर में घुसकर चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या

Dec 05 2021

ग्वालियर। ग्वालियर जिले में चोरी और अन्य आपराधिक वारदात तो इंगित हो रही हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों में एक के बाद एक हत्याओं के मामले होने से पुलिस चकरघिन्नी हो रही है। पुलिस हैरान है कि लगातार हो रही हत्याओं के मामलों से अपराध कैसे कंट्रोल होगा। जबकि गत दिवस मप्र में पंचायत चुनाव की घोषणा हो चुकी है। पहले से ही धारा 144 लागू है। इसके बावजूद भी शहर में हत्या के मामले पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। पिछले पांच दिन में शहर के कई थाना क्षेत्रों में 6 हत्या की वारदात हो चुकी हैं। डबरा, पिछोर थाटीपुर, बहोड़ापुर और मुरार में अभी तक 6 लोगों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। रविवार सुबह फिर से ग्वालियर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर बदमाशों ने युवक की हत्या कर पुलिस को फिर से हलाकान कर दिया है। सूत्र बताते हैं कि ग्वालियर में इस प्रकार से सिलसिलेवार हत्या के मामले बीते एक दशक में नहीं देखे गए हैं। लेकिन मप्र के अन्य शहरों की अपेक्षा ग्वालियर में लगातार हत्याएं होने से लोग भयभीत हैं। रविवार को हुई हत्या के मामले को पुलिस मुयालय भोपाल ने भी संज्ञान में लिया है। संभव है कि गृह मंत्री प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर जल्द ही बैठक का आयोजन कर सकते हैं। 
यह है मामला
शहर के चंदन नगर इलाके में रविवार सुबह बदमाशों ने घर में घुसकर एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। भाई ने जब बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया है पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अमर उर्फ भरत दीक्षित पुत्र स्व चेतन नारायण दीक्षित उम्र 18 साल की घर में घुसकर हत्या कर दी गई है। अमर जब छोटा था, तभी उसके पिता का निधन हो गया था। परिवार में केवल मां उर्मिला और एक बड़ा भाई था। मां और भाई की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, तीनों में केवल अमर ही सही था। अमर दो साल पहले तक फालका बाजार में एक किताब की दुकान पर काम करता था। इस बीच उसे नशे की लत लग गई और नौकरी भी चली गई। इसके बाद से उसका उठना बैठना नशेडिय़ों के बीच शुरू हो गया था बताया जाता है कि रविवार सुबह 5 बजे तीन से चार लोग अमर के घर पहुंचे थे इन लोगों ने अंदर दाखिल होते ही अमर पर चाकुओं से वार करना शुरू कर दिया। बड़े भाई ने जब यह देखा तो अमर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे धक्का देकर गिरा दिया। अमर पर चाकुओं से वार होते देख भाई ने मदद के लिए बचाओ, बचाओ का शोर भी मचाया, लेकिन कहीं से कोई मदद नहीं मिल सकी। इसके बाद आरोपित अमर को मृत हालत में पड़ा छोड़कर भाग गए।
15 से 20 वार किए
मृतक के मामा हेमंत वाजपेयी के मुताबिक अमर के शरीर पर चाकुओं के करीब 15 से 20 घाव हैं। ऐसे में साफ है कि आरोपी अमर को मारने के इरादे से ही आए थे। वहीं गेट को जबर्दस्ती नहीं खोला गया है, इसीलिए साफ है कि अमर इन लोगों को पहचानता भी था। पुलिस अब इन तमाम एंगलों को ध्यान में रखकर पड़ताल में जुट गई है।
5 दिन में 6 मर्डर
 ग्वालियर में आपराधिक वारदातों में तेजी से इजाफा हुआ है। पिछले 5 दिन में 6 हत्या की वारदात हो चुकी हैं। इस बार तो बदमाशों ने घर में घुसकर युवक की हत्या कर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी है।
एसपी का जोर-आरोपियों को जल्द पकड़ें 
रविवार सुबह जब लोग सोकर उठ रहे थे तो ग्वालियर थाना क्षेत्र में एक घर का कमाने वाला चिराग बुझ गया। हत्या की सूचना से पुलिस के आला अधिकारी भी सन्निपात की स्थिति में आ गए। एसपी अमित सांघी ने ग्वालियर थाना पुलिस को हत्या के आरोपियों को जल्द ही पकडऩे के निर्देश दिए हैं। 
संदेहियों की तलाश मेें पुलिस की दबिश
पुलिस ने मृतक का शव पीएम हाउस भेजने के साथ ही उसके यहां आने जाने वालों की कुंडली बनाकर उनकी तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है, जिससे पता चल सके की हत्यारे कौन थे।
सीएससी नागेंद्र सिंह सिकरवार का कहना है कि पुलिस सभी आरोपी की तलाश कर रही है। आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं।