चबूतरे पर सोने को लेकर विवाद पर पत्थर से कुचलकर दोस्त की हत्या ,पुलिस ने किया गिरफ्तार

Dec 04 2021

ग्वालियर। एक अधेड़ की हत्या सिर्फ इसलिए उसके पड़ोसी दोस्त ने कर दी कि दोनों के बीच चबूतरे पर सोने को लेकर विवाद हो गया था। आरोपी दोस्त ने सिर पर पत्थर पटक दिया और खुद थाना पहुंच गया। घटना का पता चलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया है। घटना शुक्रवार रात गल्ला गोठार थाटीपुर की है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बीते तीन दिन में चार हत्या हो चुकी हैं।
थाटीपुर के गल्ला कोठार निवासी कैलाश जाटव (48) पुत्र जगराम जाटव यहां एक निजी संस्था में काम करता था। वह मूल रूप से कैलारस का रहने वाला था। उसका पड़ोस में रहने वाले राकेश परसेडिय़ा से चबूतरे पर सोने को लेकर विवाद हो गया था और विवाद बढ़ा तो राकेश ने कैलाश की मारपीट कर दी। इतना ही नहीं गुस्से में उसके सिर पर पत्थर पटक दिया था, जिससे वह गंभीर घायल हो गया था। सिर पर पत्थर पटकने के बाद आरोपी राकेश खुद थाटीपुर थाने पहुंच गया था। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कैलाश को हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मौत होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हमला करने के बाद आरोपी राकेश खुद थाने पहुंच गया था। उसने कहा था कि पड़ोसी दोस्त के सिर पर पत्थर पटक दिया है। इसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी कर ली है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अधेड़ की मौत के बाद दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
बताया गया है कि मृतक के पत्नी व बच्चे काफी समय से अलग रह रहे हैं और हादसे का पता चलते ही वह रवाना हो गए हैं। मृतक के एक बेटा व एक बेटी है। उनके आने के बाद ही कुछ पता चल सकेगा।
चार दिन में हो चुकी हैं पांच हत्या
बीते चार दिन में जिले में पांच हत्या की घटनाएं घटी हैं और पुलिस सिर्फ एक मामले में आरोपी को पकड़ पाई है, जबकि अन्य मामलों में पुलिस के हाथ खाली हैं। इससे पहले बदमाशों ने मुरार में इलेक्ट्रीशियन की चाकू से गोदकर हत्या की थी, इस मामले में संदेही अभी भी पुलिस के हाथ नहीं लगा है, ना ही बहोड़ापुर के आनंद नगर में हुई प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या करने वाले बदमाशों का सुराग पुलिस को लगा सकी है। न ही मकान के लिए भाई की हत्या करने करने वाले को पुलिस पकड़ सकी है। भितरवार के करियावटी गांव में बदमाश राकू कुशवाह व डबरा में किसान रामहेत की हत्या में भी आरोपी नहीं पकड़े गए हैं।