ढाई बीघा जमीन के लिए तीन लोगों ने किसान को लात-घूसों से पीटा, अस्पताल में मौत

Dec 03 2021

ग्वालियर। ढाई बीघा जमीन के लिए तीन लोगों ने एक किसान की डंडे और लात-घूसों से जमकर मारपीट कर दी। इतना ही नहीं बेरहमी से इतना पीटा कि वह बेहोश तक हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए। शरीर में कई जगह अंदरूनी चोट थी। पुलिस हॉस्पिटल पहुंची और साधारण मारपीट का मामला भी दर्ज कर लिया। पर कुछ ही देर में घायल की सांसे उखडऩे लगी और उसकी मौत हो गई। किसान की मौत पर वहां हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मारपीट के मामले को हत्या में तब्दील किया जा रहा है।
पिछोर के बड़ी अकबई गांव निवासी 50 वर्षीय रामहेत पुत्र लक्खू जाटव की ढाई बीघा जमीन है। जिसकी कीमत 35 से 40 लाख रुपए है। पास ही बलवीर सिंह तोमर, नरेन्द्र तोमर की जमीन है। रामहेत की जमीन पर पड़ोसियों ने कब्जा कर रखा है। रामहेत अभी तक ग्वालियर में रहता था। शुक्रवार को वह अपनी जमीन देखने पहुंचा था। जमीन पर रखे कुछ पत्थर वह हटा रहा था तभी बलवीर, नरेन्द्र व बलवीर के खेत पर बटाई का काम करने वाला परिहार वहां आ पहुंचे। पहले तो तीनों ने उससे जातिगत गालियां दी, जब विरोध किया तो डंडों से पीटना शुरू कर दिया। लात घूसों से तब तक पीटा जब तक कि वह बेहोश नहीं हो गया। इसी समय रामहेत का भाई रामबाबू वहां आ गया। हमलावर जाते-जाते धमकी देकर गए कि पुलिस में गए तो और ज्यादा मारेंगे।
घायल को भाई ने हॉस्पिटल पहुंचाया, तड़पते हुए तोड़ा दम
हमलावरों के भागने के बाद घायल को उसके भाई ने हॉस्पिटल पहुंचाया। शरीर में सिर्फ पैर के घुटने से खून निकल रहा था, लेकिन अन्य सीने और सिर में अंदरूनी चोट थी। घायल रामहेत बार-बार उल्टी कर रहा था। झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस हॉस्पिटल पहुंची और बयान दर्ज कर मारपीट का मामला भी दर्ज कर लिया, लेकिन पुलिस के हॉस्पिटल से निकलते ही रामहेत की हालत बिगडऩे लगी। उसे सीने और सिर में तेज दर्द होने लगा और तड़पते हुए उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत की वजह का खुलासा
रामहेत की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस हॉस्पिटल पहुंची और शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मारपीट के मामले को हत्या में तब्दील करने की तैयारी कर ली है। पर रामहेत की मौत कहां चोट लगने से हुई है इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।