जेयू में छात्र ने छत पर चढ़कर किया आत्महत्या का प्रयास

Dec 03 2021

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं ने फर्जी मार्कशीट कांड को लेकर जमकर हंगामा किया। जब विश्वविद्यालय के अधिकारी एनएसयूआई नेताओं से बात करने पहुंचे तो बहस की स्थिति बन गई। इसी दौरान एक छात्र यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन पर चढ़ गया और आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि कार्यकर्ताओं ने जैसे-तैसे उसे समझाइश देकर छत से नीचे उतारा।
जीवाजी यूनिवर्सिटी में एनएसयूआइ प्रदेश सचिव सचिन भदौरिया के नेतृत्व में फर्जी मार्कशीट कांड को लेकर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग है कि कालेज प्रशाशन व यूनिवर्सिटी में फर्जीवाड़े में जो आधिकारी कर्मचारी लिप्त हैं, उन पर एफआइआर दर्ज कराई जाए। सीएसपी रत्नेश तोमर ने छात्र नेताओं को समझाइश दी कि इस प्रकार हंगामा करने से कुछ नहीं होगा, बेहतर होगा की आप सभी लोग शांति से बैठकर अपनी मांगे विश्वविद्यालय प्रशासन को बताए। इसके बाद एनएसयूआई नेताओ के प्रतिनिधि मंडल ने ऊपर जाकर रजिस्ट्रार से चर्चा की। रजिस्ट्रार ने बताया कि पीडि़त छात्र मुझे एक आवेदन दें और उस आवेदन पर में कार्रवाई करते हुए मुरैना, ग्वालियर पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखूंगा और यूनिवर्सिटी व कालेज अन्तर्गत थाने में पीडि़त छात्र व यूनिवर्सिटी आधिकारी कर्मचारी जो भी लिप्त हैं, उन पर एफआइआर दर्ज की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में वंश माहेश्वरी, सचिन शुक्ला, उदित, रवि शर्मा, बेटू साहू,मोहित भदौरिया, अभिषेक, आदि एनएसयूआई कार्यकर्ता शामिल थे।
कालेज परिसर में नारेबाजी के दौरान एक छात्र प्रशासनिक भवन की छत पर चढ़ गया। इस दौरान वहां मौजूद पुलिस बल एवं यूनिवर्सिटी के गार्डों ने उसको नीचे उतारने का कोई प्रयास नहीं किया। जिससे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का गुस्सा अधिक भड़क गया। छात्र को समझाबुझाकर नीचे उतारा गया।