चाकुओं से गोदकर इलेक्ट्रीशियन की हत्या

Dec 01 2021

ग्वालियर। एक इलेक्ट्रीशियन की अज्ञात बदमाशों ने चाकुओं से गोंदकर हत्या कर दी। घटना मुरार थाना क्षेत्र के सिंहपुर रोड स्थित हॉकर्स जोन की है। घटना का पता उस समय चला जब पुलिस गश्त करते हुए यहां पर पहुंची तो इलेक्ट्रीशियन की लाश पड़ी मिली। मामले का पता चलते ही पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे और जांच के बाद अज्ञात हमलावरोंं के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल हत्या करने वाले आरोपियों का पता नहीं चला है। 
मुरार थाना क्षेत्र के भगवती कॉलोनी निवासी गणेश शर्मा पुत्र लक्ष्मण प्रसाद शर्मा इलेक्ट्रीशियन है। बीती रात अज्ञात बदमाशों ने उनकी चाकुओं से गोंदकर हत्या कर दी। वारदात का पता रात करीब दो बजे चला जब मुरार थाना पुलिस जवान रूप सिंह और सुनील कुमार गश्त करते हुए हॉकर्स जोन में पहुंचे तो खून से सनी गणेश की लाश पड़ी हुई थी। लाश मिलने की सूचना जवानों ने थाने में अफसरों को दी। सूचना मिलते ही गश्त में निकले अफसर मौके पर पहुंचे और जांच के बाद शिनाख्ती के प्रयास किए तो पता चला कि लाश भगवती कॉलोनी निवासी गणेश की है। इसका पता चलते ही पुलिस ने उसके परिजनों को भी बुलवा लिया। मामले की गंभीरता के चलते ही सीएसपी ऋषिकेश मीणा व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को जांच में पास ही एक शराब की बोतल भी मिली है। 
शराब पीने का था आदी
परिजनों ने पुलिस को बताया कि गणेश का विवाह नहीं हुआ था और इलेक्ट्रीशियन का काम करता था। साथ ही बताया कि वह शराब पीने का आदी था। इसका पता चलते ही पुलिस ने उसके साथ शराब पीने वालों की जानकारी जुटाई तो पता चला कि आखिरी बार महेन्द्र नामक युवक के साथ था। इसका पता चलते ही पुलिस ने पूछताछ के लिए महेन्द्र को थाने बुलवा लिया है। 
एक दर्जन थे शरीर पर वार
पुलिस जांच में पता चला है कि हमलावरों ने उसके शरीर पर करीब एक दर्जन के करीब वार किए हंै। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का शव पीएम हाउस भेजकर जांच शुरू कर दी है। 
छह माह पहले बेचा था मकान 
पुलिस जांच में पता चला है कि छह माह पूर्व एक मकान दस लाख रुपए में बेचा था और उसमें से करीब छह लाख रुपए का उसने इलेक्ट्रिक का सामान खरीदा था और कुछ पैसा उधारी पर भी बांटा है। 
परिजनों ने बताया कि रात करीब दस बजे गणेश घर आया था और कुछ ही देर बाद चला गया। उसके बाद उनकी हत्या की जानकारी मिली थी। साथ ही बताया कि वैसे उनका किसी से कोई विवाद नहीं था, सिर्फ पैसा उधारी पर दिया है। 
अविवाहित था मृतक
पुलिस के अनुसार मृतक लंबे समय शराब पीने का आदी था। इसी आदत के चलते परिजन उससे नाराज रहते थे। इस समय शादी का सीजन चल रहा है तो उसका काम भी ठीक चल रहा था। इस कारण से वह कई दिनों से शराब का सेवन कर रहा था। उसका विवाह भी नहीं हुआ था।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मृतक आदतन शराबी था। देशी कलारी पर जाकर कौन उसके साथ शराब पीते थे। पुलिस उसके साथ शराब पीने वाले लोगों को सर्च कर रही है। एक-दो युवकों के बारे में पुलिस को पता लगा है। पुलिस कलारी संचालक से भी पूछताछ कर रही है। इधर आरोपियों का सुराग लगाने पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। गणेश की हत्या के पीछे पैसे का विवाद भी सामने आ रहा है। 
टीआई मुरार शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि एक इलेक्ट्रीशियन की चाकू से वार कर अज्ञात हत्यारों ने हत्या की है। हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।