नया वेदर सिस्टम होगा सक्रिय तीन दिन के अंदर बारिश संभव

Nov 30 2021

ग्वालियर। तीन दिन से सर्द हवाओं के कारण ग्वालियर में सिहरन बढ़ गई है। लेकिन मौसम के मिजाज में एक बार फिर बदलाव होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर में बन रहे सिस्टम के अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ भी मंगलवार को उत्तर भारत में दाखिल होने जा रहा है।
सिस्टम के सक्रिय होने से हवाओं के साथ नमी आने लगी है। अफानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बने पश्चिमी विक्षोभ के मंगलवार को उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। इस सिस्टम से पूर्व- मध्य अरब सागर तक एक ट्रफ बना हुआ है। पूर्व-मध्य अरब सागर में बुधवार को एक कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है। उधर बंगाल की खाड़ी में भी कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है। इन वेदर सिस्टम के सक्रिय होने से ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।