स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नाथूराम सूत्रकार का निधन- राजकीय सम्मान के साथ पार्थिव देह का अंतिम संस्कार

Nov 29 2021

ग्वालियर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नाथूराम सूत्रकार का निधन हो गया है। न्यू कॉलोनी नंबर एक बिरला नगर में रहने वाले श्री सूत्रकार की उम्र 100 वर्ष से अधिक थी और स्वतंत्रता संग्राम में इनकी महत्वूर्ण भूमिका रही थी। उनकी मौत का पता चलते ही पुलिस व प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे और मृतक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को पुष्पांजलि अर्पित की। वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नाथूराम सूत्रकार का रविवार की रात निधन हो गया। सोमवार को उनकी पार्थिव देह का पूरे राजकीय सम्मान के साथ चार शहर का नाका मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के समय गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
इनके निधन पर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने शोक संवेदना व्यक्त की है। कलेक्टर ने स्व सूत्रकार के प्रति सादर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए कामना की है। कलेक्टर श्री सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा है कि देश की आज़ादी के लिए लड़ी गई लड़ाई में स्व नाथूराम सूत्रकार का योगदान अमिट रहेगा। साथ ही नई पीढ़ी को उनके कृतित्व से देशभक्ति की प्रेरणा मिलती रहेगी।
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ,पुलिस अधीक्षक अमित सांघी एवं अपर कलेक्टर एचबी शर्मा ने न्यू कॉलोनी नं. एक, विरला नगर पहुंच कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. नाथूराम की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही उनके परिजनों को राज्य शासन की ओर से अंत्येष्टि के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके अलावा रेडक्रॉस से भी स्व. सूत्रकार के परिवारजनों को एक लाख रूपये की सम्मान राशि जिला प्रशासन ने प्रदान की है। 
चारशहर का नाका मुक्तिधाम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. सूत्रकार जी की पार्थिव देह पर राज्य शासन की ओर से अपर कलेक्टर एचबी शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक रवि भदौरिया ने पुष्पचक्र अर्पित किये।
मुख्यमंत्री चौहान द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सूत्रकार के निधन पर शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर के वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी नाथूराम सूत्रकार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने और शोक संसप्त परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रद्धेय नाथूराम सूत्रकार के निधन पर ऊर्जा मंत्री प्रधुन सिंह तोमर ने शोक-संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने स्व सूत्रकार के प्रति सादर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए कामना की है। ऊर्जा मंत्री श्री प्रधुन सिंह तोमर ने अपने शोक संदेश में कहा है कि देश की आज़ादी के लिए लड़ी गई लड़ाई में स्व नाथूराम सूत्रकार का योगदान अमिट रहेगा। साथ ही नई पीढ़ी को उनके कृतित्व से देशभक्ति की प्रेरणा मिलती रहेगी।
राष्ट्रपति से थे सम्मानित
स्वतंत्रता संग्राम में अतुल्यनीय योगदान पर राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल ने उन्हें सम्मानित किया था। इसके साथ ही कई सामाजिक संस्थाओं के साथ ही अन्य सम्मान से सम्मानित किया गया था। 
छोड़ गए भरा पूरा परिवार 
श्री सूत्रकार 106 साल के थे और अभी भी वह स्वस्थ थे और उनके चार बेटे हैं, जिसमें से एक का देहांत हो गया है और अभी तीन बेटे 15 नातिन और 4 नाती हैं। 
नाथूराम सूत्रकार के निधन देश की आजादी के लिए त्याग करने वाले का स्थान रिक्त हुआ: कांग्रेस
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ देवेन्द्र शर्मा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष अशोक सिंह, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष महाराज सिंह पटेल, अमर सिंह माहोर आदि ने स्वतंत्रता संग्राम सैनानी नाथूराम सूत्रकार के निधन पर कांग्रेस पार्टी की और तिरंगा ध्वज एवं माला अर्पण की एवं स्वाधीनता आंदोलन में उनके किए त्याग के लिए नमन करते हुए कंाग्रेस पार्टी की और से स्व. नाथूराम सूत्रकार को विनम्र श्रृद्धांजली अर्पित की।