ओपीडी में लगी मरीजों की कतारें, जूनियर चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर किया काम

Nov 29 2021

ग्वालियर। पीजी काउंसलिंग सहित अन्य मांग को लेकर जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन का विरोध प्रदर्शन पिछले तीन दिनों से जारी है। प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में जहां सोमवार से जूनियर डॉक्टरों में ओपीडी में सेवाएं देना बंद कर दिया हैं वहीं दूसरी ओर जीआरएमसी के जूनियर डॉकटर्स ने काली पट्टी बांधकर ओपीडी में मरीजों का उपचार किया। दूसरी ओर सप्ताह के पहले दिन की ओपीडी होने के कारण सोमवार को ओपीडी में सुबह से मरीजों का पहुंचना प्रारंभ हो गया और रजिस्ट्रेशन काउंटर लेकर डॉक्टरों के कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी-लंबी लाइनें भी देखने को मिली। इन दिनों वायरल के साथ-साथ डेंगू का प्रकोप देखने को मिल रहा है जिसकी वजह से अस्पतालों में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। गौरतलब है कि इन दिनों ओपीडी में काफी संख्या में ओपीडी में मरीज पहुंचने के कारण लगभग हर रोज करीब 2500 से अधिक मरीज माधवडिस्पेंसरी में चलने वाली ओपीडी में पहुंच रहे हैं।
डीन से मिल डॉक्टरों के दल ने ज्ञापन दिया
जूनियर डॉक्टरों का एक दल सोमवार की सुबह जीआरएमसी की डीन डॉक्टर समीन गुप्ता से मिला। इस दौरान जूनियर डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर डीन गुप्ता को ज्ञापन भी सौंप। डॉटरों का कहना है कि उनकी मांगे अगर जल्द पूरी नहीं की गई तो अन्य मेडिकल कॉलेज की तरह जीआरएमसी में कामकाज बंद कर दिया जाएगा।