बेटे को काटने से नाराज झोलाछाप डॉक्टर ने कुत्ते को पहले पीटा, फिर चाकू से टुकड़े-टुकड़े किए

Nov 29 2021

ग्वालियर। एक विचलित करने वाला वीडियो सामने आया है। एक युवक कुत्ते को बेरहमी से पीट रहा है। पहले चप्पलों से पीटता है फिर गुस्से में चाकू लेकर कसाई की तरह पहले पैर और गला काट देता है। उसके बाद डॉग के टुकड़े-टुकड़े कर देता है। यह वीडियो दिल दहला देने वाला है। जब इसके बारे में पता किया तो जानकारी मिली कि यह वीडियो डबरा सिमरिया का है।
वीडियो में डॉग पर हैवानियत दिखाने वाला वहीं का एक झोलाछाप डॉक्टर है। वीडियो भी करीब 8 से 10 दिन पहले का बताया गया है। आवारा कुत्ते ने झोलाछाप डॉक्टर राकेश बंगाली के बेटे को काट लिया था। जानवर से डॉक्टर ने बदला लिया था। घटना की अभी तक पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं पहुंची है। डॉक्टर के सनकी मिजाज से गांव वाले भी दहशत में हैं।
10 दिन पहले झोलाछाप डॉक्टर के बेटे को इस आवारा कुत्ते ने काट लिया था। घाव कुछ ज्यादा गंभीर भी नहीं था। इस पर बंगाली डॉक्टर को काफी गुस्सा आया। वह दिन रात इस कुत्ते को तलाश रहा था। घटना के अगले दिन उसे यह आवारा कुत्ता गांव के सरकारी स्कूल के पीछे मिल गया। इसके बाद उसने उसे पकड़ा और गर्दन पर पैर रखकर पीटना शुरू कर दिया।
बेरहमी से काट कर मार डाला
कुत्ते को पकडऩे के बाद बंगाली डॉक्टर ने पहले उसे पीटा, जब वह अधमरा हो गया तो चाकू निकाल कर उसे काट कर मार डाला। उसके कई टुकड़े कर दिए। यह वीडियो गांव के ही कुछ लोगों ने बना लिया था। उस समय तो मामला गर्म था, लेकिन बाद में उसे लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
एनिमल लवर्स करेंगे मामले की शिकायत
मामले में पुलिस अफसरों का कहना है कि उनके पास किसी भी आवारा कुत्ते को मारने की शिकायत नहीं आई है। डॉग लवर्स छाया तोमर का कहना है कि यह बहुत निंदनीय है। बेजुबान पर इस तरह की हैवानियत दिखाने पर उस झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए। वह जल्द इस मामले में अपने संगठन के साथ पहुंचकर शिकायत करेंगी।