किसान देने जा रहे हैं कलेक्टर को ज्ञापन, ट्रैफिक डायवर्ट किया, फिर भी लगा जाम

Nov 26 2021

ग्वालियर। घोष वादकों का पथ संचलन निकलने से तीन घंटे पहले ही पड़ाव चौराहा पर शुक्रवार को दोपहर 12 बजे जाम लग गया। जाम की वजह पथ संचलन न होकर किसान थे। यह किसान संगठित होकर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन देने के लिए जा रहे हैं। जाम की स्थिति निर्मित होने पर ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से ट्रैफिक को डायवर्ट कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इसके बाद पड़ाव चौराहा डेढ़ घंटे तक जाम रहा। इसी मार्ग से शाम पांच बजे घोष पथ संचलन निकलना था।
पड़ाव चौराहा शहर की ट्रैफिक की जीवन रेखा है। यह उपनगर मुरार, ग्वालियर, हजीरा व लश्कर से आने वाले ट्रैफिक का जंक्शन जैसा है। शुक्रवार को रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल से घोष वादकों का पथ संचलन निकलने के कारण पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट करने की व्यवस्था की है। दोपहर को किसान आंदोलन से जुड़े संगठन राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने के लिए सड़क पर आ गए। यह किसान जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट जा रहे हैं। जिसके कारण जाम लग गया है। ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए यातायात पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है।
किसान आंदोलन से जुड़े लोगों के जुलूस की शक्ल में ज्ञापन देने के लिए जाने से पड़ाव चौराहे पर कुछ समय के लिए जाम लगा था। ट्रैफिक पुलिस यातायात को व्यवस्थित करने के लिए मौके पर पहुंच गई है। ट्रैफिक डायवर्ट कर जाम खुलवा दिया गया है।