तोड़ रहे थे एटीएम, दो दबोचे मुरार थाना पुलिस पूछताछ में जुटी

Nov 26 2021

ग्वालियर। आधी रात को एटीएम तोड़कर लूट का प्रयास कर रहे दो बदमाशों को मुरार थाना पुलिस ने छह नंबर चौराहे के पास स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से पकड़ा है। पकड़े गए बदमाशों ने एटीएम मशीन का ऊपरी हिस्सा तोडऩे के साथ ही मशीन का आधा चेस्ट भी तोड़ दिया था। अगर पुलिस कुछ और देरी से पहुंचती तो बदमाश एटीएम से रुपए निकालकर फरार हो गए होते। पकड़े गए बदमाशों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। 
टीआई मुरार शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि सूचना मिली थी कि छह नंबर चौराहे के पास स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम तोडऩे का बदमाश प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वह पुलिस जवान आरक्षक आशुतोष सिंह, राजवीर सिंह, दिनेश राजावत के साथ मौके पर पहुंचे तो एटीएम में दो युवक चेस्ट तोडऩे का प्रयास कर रहे थे। वह बदमाशों तक पहुंचते उससे पहले ही बदमाश भाग निकले। बदमाशों का पुलिस ने पीछा शुरू किया तो बदमाश छोटी-छोटी गलियों से होकर भागने का प्रयास करने लगे। जिस पर थाने से अन्य जवानों योगेन्द्र सिंह सिकरवार, जयहिन्द और मनीष सिंह के साथ ही गश्त पर निकले जवानों को बुलाया। 
आधा घंटे की घेराबंदी में लगे हाथ
पुलिस ने गलियों में भाग रहे बदमाशों की घेराबंदी कर दोनों संदेहियों को आधा घंटे की मशक्कत के बाद दबोच लिया। पुलिस अब पकड़े गए बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गई है। फिलहाल पकड़े गए बदमाश पल-पल पर अपने बयान बदलकर पुलिस को गुमराह कर रहे हंै। 
पिछले कुछ माह में ही बदमाशों ने करीब एक दर्जन से ज्यादा एटीएम में तोडफ़ोड़ कर लूट के प्रयास किए हैं और इनसे पूछताछ के बाद इन वारदातों का खुलासा हो सकता है। मुरार पुलिस ने उन थानों को सूचना दे दी है जहां पर हाल ही में एटीएम तोडऩे की घटनाएं हुई हैं। 
पिछली कुछ घटनाओं में वारदात को अंजाम देते हुए दो से अधिक बदमाश सीसीटीवी में नजर आए थे, इस आधार पर पुलिस इनके अन्य साथियों के  बारे में पूछताछ कर रही है। 
एएसपी राजेश डंडोतिया ने बताया कि एटीएम तोड़कर लूट का प्रयास करते दो बदमाशों को दबोचा है। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर अन्य वारदातों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही कुछ और वारदातों का खुलासा हो सकता है।