बदमाशों ने लिफ्ट लेकर कट्टे की नोक पर ट्रैक्टर, नकदी और मोबाइल लूटा

Nov 23 2021

ग्वालियर में एक किसान को अनजान युवक को लिफ्ट देना बहुत महंगा पड़ गया। किसान के साथ लूट तो हुई, साथ ही उनकी जान पर बन आई। हुआ यह था एक युवक ने लिफ्ट मांगी। जिस पर किसान ने अपने ट्रैक्टर पर उसे लिफ्ट दे दी। आगे सूनसान इलाका पड़ते ही युवक ने गाड़ी रुकवाई। इसी समय उसके 4 अन्य साथी आ आए। किसान पर कट्टा अड़ाकर ट्रैक्टर, नकदी और मोबाइल लूट लिया।
इसके बाद किसान को उसके ही पजामे व मफलर से हाथ पैर बांधकर झाडिय़ों में फेंक गए। घटना महाराजपुरा हाइवे पर हीरामन का पुरा के पास की है। कुछ देर बाद जब कुछ ग्रामीण वहां पर गुजरे तो पर नजर पड़ी और उसे मुक्त कराकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। लूट के शिकार पीडि़त का बेटा जोगेन्द्र सिंह मुरैना एसपी ऑफिस में पदस्थ है।
महाराजपुरा के क्रेशर खेरिया निवासी 50 वर्षीय नरोत्तम सिंह गुर्जर पुत्र कप्तान सिंह गुर्जर किसान हैं। साथ ही वह गिट्टी भरने का काम करते हैं। उनका बेटा जोगेन्द्र पुलिस आरक्षक है और मुरैना में पदस्थ है। वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में गिट्टी भरने के लिए बिलौआ जा रहे थे। अभी वह हीरामन का पुरा इलाके में पहुंचे ही थे कि तभी एक युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी तो उसे उन्होंने अपने ट्रैक्टर पर बिठा लिया। कुछ ही दूर पहुंचने के बाद युवक ने ट्रैक्टर रोकने को कहा तो उसने ट्रैक्टर रोक दिया। ट्रैक्टर के रुकते ही दो युवक अपाचे बाइक और दो लोग झाडिय़ों से निकले और उसके ट्रैक्टर पर चढ़ गए। आते ही बदमाशों ने नरोत्तम पर कट्टा तान दिया और एक युवक ने उसको मारपीट कर नीचे गिरा दिया। नीचे गिरते ही दो युवकों ने नरोत्तम को पकड़ा और झाडिय़ों में खींच ले गए। इसके बाद उसके ही मफलर से उसके हाथ और पजामा से पैर बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने उसकी जेब में रखे 12 हजार रुपए, मोबाइल व ट्रैक्टर लूटा और फरार हो गए।
बदमाशों ने उसे खेत में दो घंटे बंधक बनाकर रखा और उसकी पहरेदारी के लिए बाइक सवार बदमाश करते रहे। कुछ समय बाद बदमाश भाग गए। इसी समय वहां कुछ ग्रामीण आए तो उन्होंने बंधक को देखा। ग्रामीणों ने उसे मुक्त कराकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
एएसपी शहर हितिका वासल ने बताया कि लिफ्ट लेकर बदमाशों ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, मोबाइल व 12 हजार रुपए लूटे हैं। मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।