शिंदे की छावनी में डिवाइडर के कारण रोज लग रहा जाम

Nov 22 2021

ग्वालियर। शिंदे की छावनी पर बन रहे डिवाइडर के कारण सडक पर रोज जाम लग रहा है। यह हालत है कि एक से डेढ किमी की रोड पर दोनों ओर वाहनों की कतार पीक टाइम में लगी रहती है। ट्रैफिक पुलिस का स्टाफ सुबह से लेकर शाम तक मौके पर मौजूद नहीं रहता है। इस कारण कई वाहन चालक फंसे रहते हैं और दूसरे वैकल्पिक मार्ग तक तलाशते हैं। शिंदे की छावनी चौराहा स्थित रोड पर नया डिवाइडर बनाया जा रहा है जिसमें बीच में चौराहा पर डिवाइडर बनेगा या गोलंबर इसको लेकर कुछ तय नहीं हो पा रहा है। यहां आसपास दुकानदारों के विरोध के कारण नगर निगम ने काम बंद कर दिया था। फिलहाल यहां बीच में डिवाइडर न बनने के कारण वाहन अस्त व्यस्त ढंग से निकल रहे हैं और जाम की स्थिति पैदा हो रही है।
ज्ञात रहे कि शिंदे की छावनी मार्ग पर चौराहा से लेकर घाटी की ओर तक डिवाइडर बनाया जा रहा है। यहां पहले सीमेंट के ब्लाक रखकर अस्थाई डिवाइडर की व्यवस्था बनाई गई थी। अब डिवाइडर का काम चल रहा है, बीच में मानसून के कारण यह काम आगे नहीं बढ सका था,अब डिवाइडर बन रहा है। ठेकेदार की ओर से डिवाइडर का मटेरिया सडकों पर डालने व मशीन रखने से रोज ट्रैफिक जाम हो रहा है। यह काम अभी एक माह और चलने की संभावना है क्योंकि पहले से ही काम लेट हो रहा है। नगर निगम अफसरों का इस ओर ध्यान नहीं है।