फैक्ट्री में लूट करने के इरादे से घुसे बदमाशों ने चौकीदार गला काटकर हत्या की

Nov 22 2021

ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में बारह बीघा में जैन एंड संस की फैक्ट्री में रविवार की रात को चोर दीवार फांदकर लूट करने के इरादे से घुस गए। लुटेरों ने फैक्ट्री के चौकीदार मणिकचंद जैन की कैंची से गला काटकर हत्याकर दी। चौकीदार का शव सुबह खून में लथपथ हालत में मिला है। बदमाशों ने शटर का कुंदी तोडऩे का प्रयास किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि बदमाश फैक्ट्री की निगरानी के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे की सीडीआर निकालकर ले गए। चौकीदार की हत्या की सूचना मिलते ही पुलस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पड़ताल में मदद के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौकेपर बुला लिया है। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए फैक्ट्री के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिए हैं।
बारह बीघा मेंं जैन एंड संस की फैक्ट्री है। फैक्ट्री की चौकीदारी की जिम्मेदारी माणिकचंद जैन थी। चौकीदार पिछले पांच-छह साल से यहां नौकरी कर रहा है। और 24 घंटे फैक्ट्री में ही रहता है। रविवार को फैक्ट्री की छुट्टी थी। सोमवार की सुबह फैक्ट्री में लोगों के पहुंचने पर चौकीदार की हत्या का पता चला।
कमरे में खून में लथपथ हालत में पड़ा मिला शव
चौकीदार माणिकचंद जैन का शव कमरे में खून में लथपथ हालत में पड़ा मिला। कमरे का सामान बिखरा पड़ा है। आशंका है कि चौकीदार से चाबियां हासिल करने के लिए बदमाश उसके कमरे में पहुंचे है। चौकीदार के प्रतिरोध करने पर बदमाशों ने उसकी कैची से गला काटकर हत्या कर दी। उसके बाद कमरे में चाबियां तलाश की है। पुलिस ने पड़ताल के लिए फोरेंसिक व फिंगर एक्सपर्ट भी मौके पर बुलाया। बताया गया है कि लुटेरों एक शटर का कुंदा तोडऩे का भी प्रयास किया है। फैक्ट्री मालिक ने पुलिस को बताया कि वे यहां पर पैसा कोई कीमती सामान नही रखते हैं। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद चौकीदार के शव को डाक्टरी परीक्षण के लिए डेड हाउस पहुंचा दिया है। बहोड़ापुर थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम ने हत्यारों तक पहुंचने के लिए पड़ताल शुरू कर दी है।