एक साल से चल रहे किसान आंदोलन की जीत: अग्रवाल

Nov 21 2021

ग्वालियर। सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) पार्टी व ऑल इंडिया खेत किसान मजदूर संगठन द्वारा फूलबाग चौराहे पर किसान आंदोलन की ऐतिहासिक जीत पर सभा आयोजित की गई। सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) पार्टी की जिला कमेटी की वरिष्ठ सदस्य रचना अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में कहा की भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून 2020 में पहली बार अध्यादेश के रूप में लाए गए सभी तीन किसान-विरोधी, कॉर्पोरेट-समर्थक काले कानूनों को निरस्त करने के भारत सरकार के फैसले की घोषणा की है। उन्होंने गुरु नानक जयंती के अवसर पर यह घोषणा करने का निर्णय लिया। यह भारत में एक वर्ष से चल रहे किसान आंदोलन की ऐतिहासिक जीत होगी। हालांकि इस संघर्ष में करीब 700 किसान शहीद हुए हैं। लखीमपुर खीरी हत्याकांड समेत, इन टाली जा सकने वाली मौतों के लिए केंद्र सरकार की जिद जिमेदार है।
ऑल इंडिया खेत किसान मजदूर संगठन के वरिष्ठ सदस्य रूपेश जैन ने बताया कि मैं प्रधानमंत्री को यह भी याद दिलाना चाहता हूं कि किसानों का यह आंदोलन न केवल तीन काले कानूनों को निरस्त करने के लिए है, बल्कि सभी कृषि उत्पादों और सभी किसानों के लिए लाभकारी मूल्य की कानूनी गारंटी के लिए भी है। किसानों की यह अहम मांग अभी बाकी है। इसी तरह बिजली संशोधन विधेयक को भी वापस लिया जाना बाकि है। सभा का संचालन ऑल इंडिया खेत किसान मजदूर संगठन के सदस्य रायसिंह द्वारा किया गया।