कृषि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह - राज्यपाल मंगूभाई पटेल बोले आपकी डिग्री से खेती का रकवा बढऩा चाहिए तो पढ़ाई सफल
Nov 20 2021
ग्वालियर। कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि आपकी डिग्री से खेती का रकवा बढऩा चाहिए तो ही आपकी पढ़ाई सफल है। अपनी पढाई का उपयोग किसानों के जीवन बदलने के लिए किया जाना चाहिए। यह कभी नहीं भूलना चाहिए धरती मां ने हमें पाला है। अपने उद्बोधन के बाद राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं। साथ ही विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक भी बांटे और बेहत्तर भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अतिथि प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल का कहना था कि अब प्रदेश में फसलों की ओपीडी चलेगी। किसान एमएसपी पर नहीं एमआरपी पर काम करेंगे। हाल ही में प्रदेश के तीन कृषि कानून को वापस लिए जाने के फैसले पर उन्होंने कहा कि यह किसानों के विकास के लिए ही लाए गए थे। पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पष्ट किया था कि किसानों की सहमति से ही इसे लागू करेंगे, लेकिन एक पक्ष सहमत नहीं है तो उसे वापस लिया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेन्द्र सिंंह तोमर अचानक इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए हैं।
राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह रेसकोर्स रोड स्थित सभागार में शनिवार दोपहर शुरू हुआ। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि एवं कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को आना था। रात तक उनका आना तय था, लेकिन अचानक सुबह उनके नहीं आने की घोषणा हुई। उनके न आने के कारण अभी सामने नहीं आए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि एक दिन पहले कृषि कानून वापस लिए जाने के बाद वह इस कार्यक्रम में नहीं आए हैं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। खाद्य प्रसंस्करण मंत्री भारत सिंह कुशवाह और कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसके राव उपस्थित रहे।
1007 विद्यार्थियों को दी गई उपाधियां
समारोह में 8 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इनमें स्नातक के 4, स्नातकोत्तर के 2 एवं पीएचडी के 2 विद्यार्थी शामिल थे। इसके अलावा 6 विद्यार्थियों को सिरताज बहादुर सिन्हा स्मृति नगद पुरस्कार दिए गए। दीक्षांत समारोह में 1 मई 2019 से 30 अप्रैल के बीच उपाधि पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें स्नातक के 600, स्नातकोत्तर के 374 एवं पीएचडी के 33 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। समारोह में कुल 1007 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।
स्मारिका का हुआ विमोचन
समारोह में अतिथियों ने समारोह की स्मारिका का विमोचन किया। इसके अलावा कृषि वैज्ञानिकों द्वारा बनाए गए एप का भी लोकार्पण किया गया। इस एप के जरिए किसान खरपतवार हटाने के तरीके आसानी से जान सकेंगे। यह कृषि एप किसानों की सुविधा के लिए हिंदी में बनाया गया है। समारोह में कुलपति प्रो. राव द्वारा दीक्षोपदेश दिया गया। साथ ही कुलपति प्रो. राव ने कृषि विश्वविद्यालय की अकादमिक उपलब्धियों और विकास की गतिविधियों की भी जानकारी दी। समारोह में छात्र-छात्राओं के साथ उनके परिजन भी उपस्थित थे।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









