बदमाश ने घर में घुसकर पति-पत्नी को गोली मारी, पति की हालत गंभीर

Nov 16 2021

ग्वालियर में आधी रात तिल्ली कारोबारी के घर में घुसे नकाबपोश बदमाश ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली व्यापारी के सीने में लगी है और वह बचने के लिए अंदर भागा, तभी बदमाश ने आधे खुले गेट से हाथ डालकर दो गोलियां और चला दीं। छर्रे लगने से व्यापारी की पत्नी भी घायल हुए है। घटना जनकगंज में झूलेलाल कॉलोनी में रात 2 बजे की है। घटना के बाद बदमाश बाहर से कुंडी लगाकर भाग गए। किसी तरह व्यापारी की पत्नी ने पड़ोसियों से मदद मांगी। घायलों को पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने हॉस्पिटल पहुंचाया। घायल व्यापारी की हालत नाजुक बनी हुई है, पत्नी खतरे से बाहर है। हमलावर कौन था और क्यों हमला किया यह पता नहीं चल सका है। पुलिस ने इस मामले में समाधिया कॉलोनी से एक परिवार के कुछ सदस्य उठाए हैं। व्यापारी की बेटी भी थाने में बैठी रो रही है। घायल की बेटी का पूरा मामले से कनेक्शन होने की आशंका है।
शहर के जनकगंज में झूलेलाल कॉलोनी निवासी राजेश वाधवानी व्यवसायी हैं। वह अपने बड़े भाई के साथ तिल्ली कारोबार करते हैं। सोमवार रात खाना खाकर वह पत्नी सोनिया के साथ कमरे में सो रहे थे, जबकि दूसरे कमरे में उनके माता-पिता तथा दो बच्चे सो रहे थे। रात करीब 2 बजे आहट हुई तो वह अपने रूम का गेट खोलकर बाहर आए। देखा एक नकाबपोश युवक आंगन में खड़ा हुआ था। इस पर उन्होंने पूछा कौन है तो उसने यह आवाज सुनते ही गोली चला दी। गोली व्यापारी के सीने पर लगी। इसके बाद भी भागते हुए उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद करने का प्रयास किया। पर बदमाश भागते हुए आया और हल्के से खुले दरवाजे से अंदर पिस्टल डालकर दो गोली और चला दीं। इसके बाद वह भाग गया। गोलीबारी में व्यापारी राजेश वाधवानी और उनकी पत्नी सोनिया घायल हुई हैं। पड़ोसियों ने उनको हॉस्पिटल पहुंचाया और पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने स्पॉट से लेकर अस्पताल तक छानबीन की है, पुलिस बदमाश की पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाल रही है।
घायल सोनिया ने बताया कि रात करीब 2 बजे थे अचानक घर में आहट हुई। पति (राजेश वाधवानी) देखने बाहर गए तो एक नकाबपोश ने बिना कोई बात किए सीधे उन पर गोली चला दी। गोली सीधे उनको लगी, फिर भी वह जान बचाने अंदर भागे। तभी बदमाश ने दो और फायर किए। छर्रे मेरे हाथ में भी लगे हैं। हमलावर कौन था और उसने क्यों हमला किया यह हम नहीं जानते, लेकिन उसका इरादा साफ था वह मारने ही आया था। हमारी किसी से दुश्मनी भी नहीं है। लेनदेन भी नहीं है। बदमाश इतना शातिर था कि भागने के बाद बाहर से कुंडी लगा गया। जिससे तत्काल कोई मदद न ले सकें।
गोली की आवाज सुनते ही मचा हड़कंप
घटना के समय घर में व्यापारी राजेश वाधवानी, उनकी पत्नी सोनिया वाधवानी, बेटी खुशी (16), बेटा सार्थक (10), व्यापारी के पिता गोविंद राम (90) व मां भाग्यादेवी (85) थे। सभी अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। गोली की आवाज सुनते ही दूसरे कमरे में सो रहे माता-पिता तथा बच्चे बाहर आए तो दंपती की हालत देखकर रोने व चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर घायल दंपती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
व्यापारी की हालत गंभीर
घटना के बाद अस्पताल पहुंचने में जितना समय लगा उसमें कारोबारी राजेश के पेट में गोली लगने से काफी खून निकल गया है। जिस कारण व्यापारी की हालत बेहद गंभीर है। उसकी गंभीर हालत देखकर डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन कर दिया है। वहीं सोनिया को हाथ में गोली लगी है और वह खतरे से बाहर हैं।
व्यापारी की बेटी संदेह के घेरे में
पुलिस अफसरों ने जांच की तो इसमें कुछ नाम सामने आए हैं। एक परिहार परिवार के दो सदस्यों को पुलिस ने उठाया है। इस सदस्य के एक लड़के की व्यापारी की बेटी से मिलना जुलना था। रात से ही लड़का गायब है। उसके भाई और बाप को पुलिस थाने ले आई है। घायल व्यापारी की बेटी भी थाने में रो रही है। पूरा कनेक्शन घायल व्यापारी की बेटी से जुड़ता नजर आ रहा है। बस पुलिस को इंतजार है उस लड़के के पकड़े जाने का।
सीएसपी आत्माराम ने कहा कि शर्मा पति-पत्नी को गोली मारी है। आईसीयू में भर्ती कराया है। होश में आने पर उनसे पूछताछ करेंगे। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।