कड़ी सुरक्षा में शुरू हुई एनडीए, सीडीएस और यूपीएससी की परीक्षा परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले उतरवाए गैजेट्स

Nov 14 2021

ग्वालियर। देश सेवा करने की मन में इच्छा लिए रविवार को बड़ी संख्या में छात्रों एनडीए, सीडीएस और पीएससी (इंजीनियरिंग) की परीक्षा दी। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कड़ी सुरक्षा में हुई। शहर में इन परीक्षाओं को लेकर 3 दर्जन से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन परीक्षाओं को देने के लिए बड़ी संख्या में दूर-दराज से छात्र आए थे। परीक्षाओं के लिए 35 केंद्र बनाए गए थे। सीडीएस एग्जाम के 8 सेंटर बनाए गए थे। वहीं एनडीए एग्जाम के लिए 27 सेंटर बनाए गए थे।
सीडीएस और एनडीए की पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से 11 बजे तक चली। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12 से 2 बजे तक चली। वहीं तीसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चली। इन परीक्षाओं में 10,303 छात्र शामिल हुए। वहीं पीएससी इंजीनियरिंग की परीक्षा शहर के चार केंद्रों पर दोपहर 12 से 3 बजे तक हुई। इस परीक्षा में 1498 छात्र शामिल हुए। सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा था। वहीं प्रशासन ने भी परीक्षा के लिए चाक- चौबंद व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले उनकी कड़ी चेकिंग की गई। सेंटरों पर पहुंची छात्राओं की ईयर रिंग उतरवा ली गईं। इसके अलावा डिजिटल घड़ी, मोबाइल और अन्य गैजेट भी रखवा लिए। छात्रों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले बुलाया गया था, जिससे वे अपने कागजात जमा कर सकें। 
परीक्षा के लिए बनाए कड़े नियम
परीक्षाओं के लिए प्रशासन द्वारा कड़े नियम बनाए गए थे। प्रत्येक सत्र में परीक्षा के अंतिम 30 मिनट के दौरान किसी भी उम्मीदवार को शौचालय जाने की अनुमति नहीं दी गई। कई छात्रों ने इस दौरान शौचालय जाने की अनुमति मांगी तो उसे कॉपी जमा करने को कहा गया। इसके चलते छात्र वापस अपनी जगह पर बैठ गए। वहीं जो छात्र पानी की ट्रांसपेरेंट बॉटल लेकर नहीं आए थे उनकी बॉटल जमा करवा ली गईं। 

 

स्कूलों में मनाया गया चिल्ड्रन डे, हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
फोटो साथ में है---11
ग्वालियर। पं. जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस पर मनाये जाने वाले चिल्ड्रन डे रविवार को अवकाश होने के कारण स्कूलों में शनिवार के दिन ही मनाया गया। इसमें बच्चों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। कई स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुये। तो वहीं कई स्कूलों में अध्यापकों की मदद से बच्चों को खेल खिलाये गये। बाल दिवस को महोत्सव के रूप में मनाते हुए बच्चों ने आनंद लिया। इसी क्रम में सिरौल रोड स्थित फोर्ट व्यू स्कूल में बाल मेले का आयोजन किया गया। जिसमें सभी बच्चों ने भाग लेते हुए तरह-तरह के लजीज व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई और एक दूसरे स्टॉल से बच्चों ने लजीज व्यंजनों को खरीदकर मेले का आनंद लिया। बच्चों की इस तरह की एक्टीविटीज को शिक्षकों ने खूब सराह और उनकी प्रतिभा को देखकर सभी आश्चर्यचकित रह गये। किसी स्टॉल पर पानी पूरी तो किसी पर भेलपुरी, समोसा, कचौड़ी, जलेबी, गुलाबजामुन, नमकीन, ढोकला, चाऊंमीन आदि सजाए गए थे। इस बाल मेले की प्रदर्शनी में प्रथम स्थान अंजली गुर्जर कक्षा 8 को रहा। जबकि द्वितीय स्थान भानू बंजारा व हिमांशु गुर्जर कक्षा 7 का रहा। वहीं तीसरे स्थान पर अभिषेक कक्षा 4 रहे। इस अवसर पर फोर्ट व्यू स्कूल की डायरेक्टर आरती गुर्जर, रेशु श्रीवास्तव, प्रीति अग्रवाल, निधि शर्मा, लवली यादव, रेनू राणा, रश्मि वर्मा एवं बीपी उपरेती आदि मौजूद रहे।