हिंदू महासभा ताला खोलने पहुंची तो खुला मिला सावरकर ताल का ताला

Nov 13 2021

ग्वालियर। विनायक दामोदर वीर सावरकर को लेकर हिंदू महासभा की ताला खोलने की धमकी और उग्र चेतावनी के बाद प्रशासन ने उनके सावरकर ताल (कटोरा ताल) पहुंचने से पहले ही ताला खोल दिया था। जब हिंदू महासभा के सदस्य वहां पहुंचे तो उन्होंने अंदर जाकर वीर सावरकर की परिक्रमा की। वहां हुए जीर्णोद्धार कार्य का अवलोकन किया। ताला खुलने के बाद सभी हिमस कार्यकर्ताओं ने वहीं से वीर सावरकर को भारत रत्न दिलाने का संकल्प लिया और लौट आए।
प्रशासन ने पहले ही ताला खोलकर समझदारी से सारे विवाद और प्रदर्शन को टाल दिया। इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम लश्कर अनिल बनवारिया का कहना है कि जीर्णोद्धार का काम लगभग पूरा हो गया है। इसलिए हिंदू महासभा को ताले खोलकर अवलोकन कराया गया है। जल्द ही लोकार्पण किया जाएग।
ग्वालियर के थीम रोड पर कटोरा ताल में स्वतंत्रवीर विनायक वीर सावरकर की प्रतिमा लगी है। कटोरा ताल सहित पूरे इलाके का जीर्णोद्धार होना है। यह प्रोजेक्ट स्मार्ट सिटी के पास है। हेरिटेज लुक इसे ताल को दिया जाना है। यही कारण है कि यहां 3 साल से जीर्णोद्धार कार्य के चलते ताला लगा हुआ है। वीर सावरकर की प्रतिमा अंदर बंद है। जहां से आम लोग नहीं जा पाते हैं। हिंदू महासभा का कहना है कि ऐसे महान और हिंदू वादी विचारधारा के कट्टर समर्थक वीर सावरकर के तीन साल में कई बार जयंती और पुन्यतिथि निकल गए, लेकिन ताला होने के कारण हिमस उनको पुष्पांजलि भी नहीं दे पाती है।
जब हिमस के कार्यकर्ता और नेता पहुंचे तो प्रशासन ने पहले से ही सावरकर ताल के ताले खोल दिए थे। पर विरोध करने का कोई मौका नहीं मिला। इस पर हिमस कार्यकर्ताओं ने वीर सावरकर प्रतिमा की मूर्ति को प्रणाम किया और परिक्रमा लगाकर लौट आए।