दुकान खाली कराने पहुंचे तहसीलदार के सामने दुकानदार ने चाकू से गला काट लिया, हालत गंभीर

Nov 07 2021

ग्वालियर। जिला कोर्ट (गिर्राज मंदिर के सामने) रविवार को अवकाश के दिन पुलिस के साथ प्रशासनिक अमला नवीन कुमार अग्रवाल कार्ड प्रिंट व सील सिक्के की दुकान को खाली कराकर तोडऩे के लिए पहुंच गया। तहसीलदार मधुलिका तोमर ने दुकानदार नवीन कुमार को दुकान खाली करने के निर्देश दिए। दुकानदार ने अधिकारियों से दुकान खाली करने के लिए 10 मिनिट का समय मांगा। 10 मिनिट का समय गुजरने के बाद तहसीलदार ने फिर दुकानदार से दुकान खाली करने को कहा, तभी अचानक दुकानदार ने आत्महत्या करने के इरादे से अपने गले पर प्रहार करना शुरू कर दिए। युवक का गला बुरी तरह से कट गया। गले से रक्त का फबारा बहने लगा। आसपास के दुकानदार और पुलिस बल उसे लेकर अस्पताल लेकर गए। जहां उसकी हालात गंभीर बताई जा रही है। 
 प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस व अधिकारियों ने पहले युवक को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया, लेकिन गले से खून का फव्वारा फूटते ही पुलिस ने युवक के हाथ से चाकू छीनकर उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा। दुकानदार के आत्महत्या का प्रयास करने के बाद दो पक्षों के बीच फावड़े व लाठी चल गईं। आक्रोशित लोगों ने जिला कोर्ट के सामने जाम लगा दिया। पीडि़त दुकानदार के रिलेटिव अधिवक्ता दीपक गोयल ने बताया कि नवीन गोयल की शादी कार्ड की सालों पुरानी दुकान है। इस दुकान को सराफा व्यापारी कोई मित्तल अपने रसूख के दम पर खाली करा रहा है।
तहसलीदार मधुलिका तोमर रविवार की सुबह अमले के साथ इंदरगंज थाने पहुंची। थाने से पुलिस बल के साथ तहसीलदार गिर्राज मंदिर के सामने पहुंच गईं। अमला नवीन कुमार अग्रवाल की कार्ड व सील बनाने की दुकान के सामने पहुंच गया। तहसीलदार ने दुकानदार को दुकान खाली करने के निर्देश दिए। दुकानदार नवीन कुमार अग्रवाल ने 10 मिनिट का समय मांगा। समय गुजरने के बाद भी जब दुकान खाली नहीं हुई तो अधिकारियों ने फिर से दुकान खाली करने की कह दिया। इसके बाद दुकानदार ने अपने हाथ से गर्दन पर चाकू मार लिए। गंभीर हालत में दुकानदार को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। प्रशासनिक अमले के भी हाथ-पैर फूल गए। दुकानदार के आत्महत्या का प्रयास करने के बाद इस दुकान के विवाद से जुड़े दो पक्षों में झगड़ा हो गया। सड़क पर लाठी व फावड़े चल गए।
आक्रोशित लोगों ने जाम लगाया
इस घटना के आक्रोशित लोगों ने जिला कोर्ट के सामने जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही इंदरगंज थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए काफी प्रयास करने तब जाकर जाम खुला।