स्टेडियम की जगह घर में लगा रखी थी आतिशबाजी की दुकान, पकड़ा गया

Nov 03 2021

भितरवार। आतिशबाजी विक्रय के लिए स्टेडियम ग्राउण्ड में जगह आरक्षित होने बाबजूद कुछ दुकानदार स्थानीय प्रशासन के दिशा निर्देशों की परवाह किए बगैर मुख्य बाजार में अपने घर में दुकान लगाकर गुप चुप तरीके से आतिशबाजी विक्रय कर रहें हैं। ऐसे दुकानदारों की सूचना मिलने पर तहसीलदार श्यामू श्रीवास्तव और सीएमओ दिनेश कुमार सोनी बाजार में घूमे। जहां उन्होंने नगर परिषद के गठित दल से मिली सूचना पर बस स्टैंड के पास घर में सजी मिली आतिशबाजी की दुकान के संचालक के खिलाफ कार्रवाही की है। 
जानकारी के अनुसार दीपावली के त्योहार को देखते हुए कुछ दुकानदार बिना लायसेंस के आतिशबाजी विक्रय में लग गए हैं। वहीं कुछ दुकानदार पं दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम ग्राउण्ड में आरक्षित की जगह पर दुकानें नहीं लगा रहे हैं। नगर परिषद द्वारा स्टेडियम में दुकाने लगाने की मुनादी पिटबाने के बाद भी बाजार में आतिशबाजी विक्रय की सूचना पर तहसीलदार श्यामू श्रीवास्तव और सीएमओ दिनेश कुमार सोनी बाजार में निकले। जहां उन्हें बस स्टैंड आशा भोजनालय के पास एक घर से आतिशबाजी विक्रय होती मिली। जिस पर उक्त अधिकारियों ने आतिशबाजी जप्त कर दुकानदार के खिलाफ कार्रवाही करते हुए उससे आतिशबाजी विक्रय का लाइसेंस मांगा। बताते हैं। कि उक्त दुकानदार के पास भोपाल में रहने बाले युवक के नाम जारी किए गए आतिशबाजी लायसेंस पर दुकान संचालित की जा रही थी। अब सवाल यह पैदा होता है। कि भोपाल में रहने बाले युवक के नाम पर स्थानीय प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों ने लायसेंस जारी कैसे कर दिया।